IND W vs ENG W Lords Test: लॉर्ड्स के 142 साल के इतिहास में पहली बार महिला टेस्ट की मेजबानी हुई और भारत ने इंग्लैंड को 270 रन से रौंदकर इसे यादगार बना दिया। इस ऐतिहासिक जीत की हीरो रहीं तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। मैच के बाद क्रांति ने अपनी भावनाएं साझा कीं। क्रांति ने कहा, "बचपन में मैंने कभी नहीं सोचा था कि लॉर्ड्स में प्लेयर ऑफ द मैच बनूंगी। लेकिन जिस दिन यह टेस्ट शुरू हुआ, मैंने खुद से कहा था कि मेरा नाम ऑनर्स बोर्ड पर होना चाहिए।" लॉर्ड्स के ड्रेसिंग रूम में नाम दर्ज होना हर क्रिकेटर का सपना होता है और क्रांति ने पहली ही बार में यह मुकाम हासिल कर लिया।
क्रांति गौड़ और टीम इंडिया (फोटो साभार- BCCI Women)
लाइन लेंथ पर किया फोकस
अपनी गेंदबाजी के बारे में क्रांति ने बताया, "मेरा तरीका बहुत सिंपल है। मैं सिर्फ लाइन और लेंथ पर फोकस करती हूं। कोच ने जो कहा, वही करने की कोशिश की.. एक ही जगह लगातार गेंद डालना। हर बॉल से पहले यही सोच रही थी।" क्रांति की अनुशासित गेंदबाजी ने इंग्लैंड की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया। ऑनर्स बोर्ड पर नाम आने पर क्रांति ने कहा, "मुझे बेहद गर्व महसूस हो रहा है, और मेरे परिवार को भी। मैं अपने कोच, सीनियर्स और उन सभी लोगों को धन्यवाद देना चाहती हूं जिन्होंने इस सफर में मेरा साथ दिया।"
एक स्टंप को यादगार के तौर पर लिया
जीत के बाद क्रांति ने एक स्टंप भी यादगार के तौर पर ले लिया। उन्होंने बताया, "मैंने घर पर एक छोटा म्यूजियम बनाया है और यह स्टंप मैं वहां हमेशा के लिए रखूंगी।" बता दें कि भारत ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों में इंग्लैंड को पीछे छोड़ा। यह भारत की रेड-बॉल क्रिकेट में दबदबे की कहानी को आगे बढ़ाता है। भारतीय महिला टीम ने पिछले 11 टेस्ट मैचों में 7 जीत दर्ज की। वहीं इन 11 मैचों में 3 मैच ड्रॉ खेले और सिर्फ 1 मैच में हार झेली। इंग्लैंड में यह भारत का 11वां टेस्ट मैच था और टीम यहां अब भी अजेय है। मैच के बाद सचिन तेंदुलकर बाउंड्री के बाहर भारतीय टीम से मिले और खिलाड़ियों से हाथ मिलाया।
