IND W vs ENG W: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स में तिरंगा लहरा दिया है। इंग्लैंड को 270 रन से हराकर हरमन एंड कंपनी ने चौथे दिन के पहले सेशन में लॉर्ड्स टेस्ट अपने नाम कर लिया। इंग्लैंड के सामने चौथी पारी में 457 रन का असंभव सा लक्ष्य था, जिसके जवाब में मेजबान टीम चौथे दिन के पहले ही सेशन में 186 रन बनाकर ढेर हो गई। भारत की ओर से स्नेह राणा ने 4 और क्रांति गौड़, सयाली सतघरे और दीप्ति शर्मा ने 2 विकेट चटकाए। इससे पहले भारत ने अपनी दूसरी पारी विकेटकीपर बैटर यास्तिका भाटिया के शानदार शतकीय पारी के दम पर 7 विकेट के नुकसान पर 341 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी और इंग्लैंड को 457 रन का लक्ष्य दिया।
इंग्लैंड ने जीता था टॉस
इस मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्मृति मंधाना के 83 और हरमनप्रीत कौर के 58 और दीप्ति शर्मा के 57 रन की पारी के दम पर 285 रन का स्कोर खड़ा किया। इन तीनों के अलावा जेमिमा रॉड्रिक्स ने 35 रन की पारी खेली। इंग्लैंड की ओर से सोफी एक्लेस्टन ने 3, लॉरेन फिलर, इजी वोंग और मैडी विलर्स ने 2-2 विकेट चटकाए।
क्रांति गौड़ के ऐतिहासिक स्पेल ने दिलाई बढ़त
भारतीय टीम के 285 रन के जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इंग्लैंड की बैटर्स के सामने क्रांति गौड़ की गेंदबाजी का कोई जवाब नहीं था। नतीजा इंग्लैंड की पूरी टीम केवल 170 रन बनाकर ढेर हो गई। भारत ने पहली पारी के आधार पर 115 रन की अहम बढ़त हासिल कर ली। क्रांति गौड़ ने 5 जबकि सयाली सतघरे और स्नेह राणा ने 2-2 विकेट चटकाए। क्रांति गौड़ लॉर्ड्स के मैदान पर फाइफर लेने वाली पहली महिला गेंदबाज बनी।
यास्तिका की ऐतिहासिक पारी
भारत के पास 115 रन की अहम बढ़त थी। इसके बावजूद दूसरी पारी में टीम ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 341 रन बनाकर पारी घोषित की और इंग्लैंड के सामने 457 रन का लक्ष्य रखा। यास्तिका भाटिया ने 113 रन की पारी खेली और लॉर्ड्स के मैदान पर शतक जड़ने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनी। यास्तिका के अलावा स्मृति मंधाना ने 70 और ऋचा घोष ने 50 और शेफाली वर्मा ने 33 रन की पारी खेली। दूसरी पारी में इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टन ने भी फाइफर लेकर इतिहास रचा। एक्लेस्टन के अलावा लॉरेन बेल ने 2 विकेट चटकाए।
