जोस बटलर ने इनके सिर पर फोड़ा आयरलैंड के खिलाफ इंग्लैंड की हार का ठीकरा

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 26, 2022, 03:11 PM IST

इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने आयरलैंड के खिलाफ हार का ठीकरा गेंदबाजों के सिर पर फोड़ा है। जानिए आयरलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप 2022 में इंग्लैंड की हार के बाद क्या बोले इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर?

मेलबर्न: जोस बटलर की कप्तानी वाली इंग्लैंड क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप 2022 में अपने दूसरे मुकाबले में आयरलैंड के खिलाफ अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा है। जीत के लिए 158 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम के जीत के अरमानों पर बारिश ने पानी फेर दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए खराब शुरुआत के बाद इंग्लैंड की टीम ने 86 रन पर 5 विकेट 13.1 ओवर में गंवा दिए थे। लेकिन 15वें ओवर की तीसरी गेंद पर बारिश के कारण खेल को रोक देना पड़ा और वो दोबारा शुरू नहीं हो सका। ऐसे में आयरलैंड को 5 रन के अंतर से डकवर्थ-लुईस-स्टर्न नियम के तहत विजेता घोषित कर दिया गया।

Jos-Buttler

आयरलैंड के खिलाफ हार के बाद निराश इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर( Image Credit: AP)

पहले दस ओवर में हाथ से निकला मैच

इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने हार का ठीकरा गेंदबाजों के सिर पर फोड़ते हुए कहा, मैच के पहले 10 ओवरों में हमने खराब प्रदर्शन किया और मैच को अपने हाथ से जाने दिया। हम लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे और उन्हें दोनों छोर से रन बनाने दिए। परिस्थितियां गेंदबाजी के अनुकूल थीं। सबकुछ हमारे पक्ष में था। टॉस जीतकर हमने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, मौसम प्रतिकूल था और हम इसका फायदा उठाना चाहते थे।

अंतिम 10 ओवर में वापसी करने में रहे सफल

बटलर ने आगे कहा, आखिरी 10 ओवर थोड़े बेहतर थे। शुरुआत के दस ओवर में हमने 20-30 रन ज्यादा दिए थे लेकिन अगले दस ओवरों में वापसी करने में सफल रहे और उन्हें( आयरलैंड) बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोक दिया। लेकिन उन्होंने हमें दिखाया कि इस विकेट पर कैसी गेंदबाजी करनी चाहिए थी।

आयरलैंड ने तीनों विभागों में छोड़ा पीछे

बटलर ने आगे कहा, मैंने अपना विकेट पहले ही ओवर में गंवा दिया। ऐसी स्थिति लक्ष्य का पीछा करने के लिए आदर्श नहीं होती है। हम मैच में कहीं बढ़त कायम नहीं कर सके। उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की और विकेट का अच्छी तरह इस्तेमाल किया। हमने टॉस जीता और पूरी स्थिति से हम अच्छी तरह वाकिफ थे कि हमें क्या करना है लेकिन हम उसका फायदा नहीं उठा सके। आयरलैंड ने आज अच्छा प्रदर्शन किया और मैच में हमें तीनों विभाग में पीछे छोड़ने में सफल रहे। आज बेहतर टीम को जीत मिली है।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होगा करो या मरो का मुकाबला

End of Feed