टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऑनफील्ड और ऑफफील्ड बेहद शांत स्वभाव के हैं। यही कारण है कि वो जब भी कुछ एनिमेटेड करते हैं लोगों की नजरों में आ जाते हैं। शायद ही कभी ऐसा हुआ होगा जब केएल राहुल गुस्से में नजर आए होंगे, यही कारण है कि जब आईपीएल मैच के दौरान लखनऊ के टीम ऑनर की उनको लेकर प्रतिक्रिया आई थी तो पूरे देश का बुरा लगा था। अब पूर्व भारतीय बल्लेबाज वसीम जाफर ने उनसे जुड़ा एक किस्सा सुनाया है जब शांत रहने वाले केएल राहुल को भी गुस्सा आ गया था। जाफर ने ये किस्सा दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले 'द ग्रेट इंडियन क्रिकेट शो' में सुनाया।
केएल राहुल (साभार-IPL/AI Image)
उन्होंने कहा, "केएल स्वभाव से बहुत शांत, और अपने आप में रहने वाले व्यक्ति हैं। आप उन्हें अक्सर बाहर घूमते-फिरते नहीं देखेंगे, क्योंकि वे ज्यादातर अपने करीबी दोस्तों के बीच ही रहना पसंद करते हैं। मैदान पर या मैदान के बाहर उन्हें गुस्से में देखना बहुत ही दुर्लभ है।"
जब राहुल को आया था गुस्सा
जाफर ने करीबी हार का किस्सा शेयर करते हुए लिखा 'जब मैं पंजाब का बैटिंग कोच था, तब हर मैच दिल तोड़ने वाला लगता था। हम कई करीबी मुकाबले हारे थे जो आखिरी ओवर तक गए थे। ऐसे ही एक करीबी हार के बाद, जिसे हम आसानी से जीत सकते थे, मैंने उन्हें पहली बार गुस्सा होते देखा। उन्होंने कुछ अपशब्द नहीं कहे, लेकिन आप देख सकते थे कि हमारे खराब प्रदर्शन से वे कितने निराश थे। वही एकमात्र समय था जब मैंने केएल राहुल को थोड़ा गुस्सा होते देखा।
4 साल तक पंजाब के साथ राहुल
केएल राहुल ने 2018 से 2021 तक पीबीकेएस का प्रतिनिधित्व किया, 2018 से 2021 तक वह टीम के कप्तान रहे। इस दौरान, जाफर ने 2019 से 2021 तक पीबीकेएस के मुख्य कोच के रूप में कार्य किया। केएल का 2020 और 2021 का सीजन टीम के लिए बेहद सफल रहा। 2020 सीज़न में उन्होंने 14 पारियों में 55.83 के औसत और 129.34 के स्ट्राइक रेट से 670 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल थे। हालांकि, कप्तान के रूप में उनके दोनों सीज़न में पीबीकेएस आठ टीमों में से छठे स्थान पर रही।
