चीफ सेलेक्टर की रेस में पूर्व भारतीय बल्लेबाज वसीम जाफर की एंट्री

भारत के पूर्व बल्लेबाज वसीम जाफर ने चीफ सेलेक्टर पोस्ट के लिए आवेदन दिया है। अजीत अगरकर का कार्यकाल बीते 4 अक्टूबर को खत्म हो गया था। अगरकर के बाद पार्थिव पटेल के नाम की चर्चा सबसे अधिक थी, लेकिन अब वह इस रेस में नहीं हैं।

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने राष्ट्रीय टीम के खाली पड़े मुख्य चयनकर्ता के पद के लिए आवेदन किया है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने अजीत अगरकर का कार्यकाल नहीं बढ़ाने का फैसला किया था, जिसके बाद यह पद खाली हुआ है। जाफर ने पीटीआई से इसकी पुष्टि करते हुए कहा, ’’हां, मैंने इस पद के लिए आवेदन किया है। ’’ जाफर (48 वर्ष) ने भारत के लिए 31 टेस्ट मैच खेले और करीब 2,000 रन बनाए, जिसमें पांच शतक शामिल हैं। उनके टेस्ट शतकों में वेस्टइंडीज के खिलाफ दोहरा शतक और दक्षिण अफ्रीका में बनाया गया शतक शामिल है। उन्होंने कोलकाता में पाकिस्तान के खिलाफ भी दोहरा शतक जड़ा था।

wasim jaffer

वसीम जाफर (साभार-X)

अगर अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे की सदस्यता वाली क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) जाफर का चयन करती है, तो अध्यक्ष पद के लिए विचार किए जा रहे उम्मीदवारों में उनके नाम सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने का रिकॉर्ड होगा। जाफर ने 31 टेस्ट खेले हैं जो भारत के लिए 24 टेस्ट खेलने वाले प्रज्ञान ओझा से अधिक हैं। मौजूदा चयन प्रक्रिया के तहत सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले क्षेत्र के प्रतिनिधि को चयन समिति का अध्यक्ष बनने का पात्र माना जाता है।

End of Feed