Virat Kohli Catch Video: भारत के दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली (Virat Kohli) कल यानी गुरुवार को अपना 38वां जन्मदिन मनाने वाले हैं। हालांकि इस उम्र में भी विराट की फिटनेस का कोई जवाब नहीं है। उन्होंने इसका नमूना एक बार फिर मैदान पर पेश किया जब ऑकलैंड में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें पहले वनडे के लिए मैदान पर उतरीं।
विराट कोहली ने लिया हैरतअंगेज कैच और फिर धनुष-बाण वाला जश्न (X/Videograb- Sony Sports Network)
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में विराट कोहली ने एक शानदार कैच लपका। स्लिप में फील्डिंग करते हुए, विराट ने अपनी बाईं ओर डाइव लगाई और एक हाथ से बेहतरीन कैच पकड़कर नाथन स्मिथ को पवेलियन वापस भेज दिया। न्यूजीलैंड का यह सातवां विकेट था, जिससे मैच पर भारत की पकड़ और मजबूत हो गई।
देखिए विराट के कैच का वीडियो
कोहली फिलहाल 37 साल के हैं, लेकिन अभी भी पूरी तरह से फिट हैं। उन्होंने टीम इंडिया में फिटनेस का एक सख्त कल्चर शुरू किया और भारतीय टीम को दुनिया की सबसे बेहतरीन फील्डिंग टीमों में से एक बना दिया। अपने करियर के अंतिम पड़ाव के करीब होने के बावजूद, कोहली आज भी अपने प्रदर्शन से दूसरों के लिए एक मिसाल पेश कर रहे हैं।
विराट का जश्न भी हुआ वायरल
इस बीच, कैच लेने के बाद कोहली ने 'धनुष-बाण' वाला एक अनोखा जश्न भी मनाया। इन शानदार पलों को देखकर ऑकलैंड के ईडन पार्क में मौजूद दर्शक अपनी सीटों से खड़े हो गए। यहां देखिए उनके धनुष-बाण वाले जश्न का वीडियो।
न्यूजीलैंड की पारी का पूरा हाल
मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीता और बॉलिंग चुनी। गेंदबाजी करने का फैसला करने के बाद, भारतीय टीम ने जोरदार शुरुआत की और 33 ओवरों तक 138-8 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को बैकफुट पर धकेल दिया था। अर्शदीप सिंह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ कहर बरपाते हुए पावरप्ले में ही विल यंग और हेनरी निकोल्स को आउट कर दिया।
डेरिल मिशेल और टिम सीफर्ट ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन गुरनूर बराड़ ने दो अहम विकेट चटकाते हुए सीफर्ट और टॉम लैथम को पवेलियन भेज दिया। न्यूजीलैंड के मुख्य बल्लेबाज डेरिल मिशेल रन आउट हो गए, जबकि अंशुल कंबोज ने मिशेल सेंटनर और नाथन स्मिथ को आउट करके भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
हालांकि अंतिम विकेट के लिए ब्लेयर टिकनर और जेकब डफी ने कुछ शानदार छक्के लगाते हुए 39 रनों की साझेदारी कर डाली। जब न्यूजीलैंड का आखिरी विकेट 40.2 ओवर में गिरा, तब तक उनकी टीम ने 185 रन बना लिए थे।
