ब्रिस्बेन: विराट कोहली सोमवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के अभ्यास मैच में केवल 19 रन बनाकर डगआउट लौट गए। मगर पूर्व भारतीय कप्तान ने अपनी फील्डिंग से मैच का रुख पलट दिया। कोहली ने मैच के अहम क्षणों में ऐसा कमाल किया कि जीत भारतीय टीम की झोली में आ गई। सबसे पहले ऑस्ट्रेलियाई पारी के 19वें ओवर में कोहली ने फील्डिंग का बेहतरीन नमूना पेश करते हुए टिम डेविड को रन आउट किया। इसके बाद कोहली ने आखिरी ओवर में लांग ऑन पर पैट कमिंस का एक हाथ से अविश्वसनीय कैच लपका।
विराट कोहली का कैच और रन आउट
Unbelievable catch by virat kohli t.co/Lad9yxiZP9
— ANI (@ANI) Oct 17, 2022
One handed catch and run out 💙@imVkohli 😎😎#ViratKohli #ViratKohli𓃵 #Virat #INDvAUS #Shami t.co/IyVXEq6sLx
— ANI (@ANI) Oct 17, 2022
मोहम्मद शमी मैच का आखिरी ओवर कर रहे थे। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 11 रन की जरूरत थी। कमिंस ने पहली दो गेंदों पर दो-दो करके कुल चार रन बटोर लिए थे। कमिंस ने शमी की तीसरी गेंद पर लांग ऑन की दिशा में हवाई शॉट खेला। एक पल के लिए ऐसा लगा कि यह छक्का हो गया है। मगर कोहली ने एकदम सही समय पर हवा में छलांग लगाई और अपने दाएं हाथ में गेंद पकड़ ली। कोहली का यह कैच इतना शानदार रहा कि ऑस्ट्रेलियाई खेमे में बैठे क्रिकेटर्स भी उनकी सराहना करते हुए नजर आए।
इससे पहले हर्षल पटेल पारी का 19वां ओवर कर रहे थे। दूसरी गेंद पर इंग्लिस ने मिडविकेट की दिशा में हल्के हाथों से शॉट खेलकर रन लेने की कोशिश की। कोहली अपने दाएं ओर दौड़े और गेंद पकड़कर सीधे स्टंप्स पर फेंक दी। डेविड तेजी से दौड़ रहे थे और डाइव भी लगाई, लेकिन गेंद उनसे ज्यादा तेज गति से जाकर स्टंप पर लगी। कोहली की फील्डिंग में जितनी तारीफ की जाए, वो कम है। उनका कैच लेने और रन आउट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
बता दें कि टीम इंडिया ने अभ्यास मैच में ऑस्ट्रेलिया को 6 रन से मात दी। ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर भारत ने पहले बल्लेबाजी की और केएल राहुल (57) व सूर्यकुमार यादव (50) के अर्धशतकों की मदद से निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 186 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने कप्तान आरोन फिंच (76) की पारी के दम पर 180 रन बनाए। शमी ने आखिरी गेंद पर रिचर्डसन को बोल्ड किया और ऑस्ट्रेलियाई पारी का समापन भी किया। भारतीय टीम अब अपना अगला अभ्यास मैच बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगी।
