विराट कोहली मैदान पर अपने अनोखे अंदाज के लिए जाने जाते हैं। कभी वह मैदान पर आक्रामक दिखते हैं तो कभी डांस करते हुए कैमरे में कैद हो जाते हैं, लेकिन दिल्ली टेस्ट के दौरान कुछ ऐसा हुआ जो अमूमन विराट कोहली नहीं करते। दरअसल दिल्ली टेस्ट में जब ऑस्ट्रेलिया टीम बल्लेबाजी कर रही थी और विराट मैदान पर मौजूद थे, तब उन्हें देख कर दिल्ली के फैंस उत्साहित हो गए और मैदान के बाहर से RCB-RCB के नारे लगाने लगे। विराट ने फैंस चुप रहने को कहा और इशारे में समझाया कि वह RCB-RCB के स्थान पर इंडिया-इंडिया के नारे लगाएं।
विराट कोहली, पूर्व कप्तान टीम इंडिया
सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह फर्स्ट स्लीप में खड़े हैं और स्टीव स्मिथ बल्लेबाजी कर रहे हैं। इस दौरान यह इंसिडेंट हुआ जब कोहली फैंस को इंडिया-इंडिया के नारे लगाने कह रहे हैं।
दिल्ली टेस्ट में विराट कोहली दोनों पारियों में भले ही बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाए हो, लेकिन उन्होंने दूसरी पारी के 12वें ओवर में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने नाथन लॉयन की गेंद पर चौका जड़ कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 25,000 रन का आंकड़ा पार कर लिया। तेजी से 25,000 रन पूरा करने के मामले में वह द ग्रेट सचिन तेंदुलकर से आगे निकल गए।
उन्होंने पहली पारी में 44 जबकि दूसरी पारी में 20 रन की छोटी पारी खेली। इस इनिंग के बाद 2008 में डेब्यू करने वाले कोहली के नाम 492वें अंतरराष्ट्रीय मैच में 25,012 रन हो गए हैं। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब मैच के दौरान कोहली फैंस के साथ इस तरह से जुड़े हों, वह पहले भी ऐसा करते रहे हैं। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बाकी बचे दो मैच में विराट के पास सेंचुरी लगाने का मौका है। उन्हें टेस्ट क्रिकेट में सेंचुरी मारे 3 साल से ज्यादा का वक्त हो गया है।
