बेंगलोर: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बुरे दौर से उबरने के बाद टीम इंडिया और आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने आईपीएल 2023 में धमाकेदार शुरुआत की है। रविवार को मुंबई इंडियन्स के खिलाफ चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए सीजन के पहले मुकाबले में विराट कोहली ने जीत के लिए 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 38 गेंद में 4 चौके और 2 छक्के की मदद से धमाकेदार अर्धशतक जड़ दिया। विराट 49 गेंद में 82 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम की 8 विकेट से जीत में अहम भूमिका अदा की। अपनी पारी के दौरान उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के जड़े।
मुंबई इंडियन्स के खिलाफ अर्धशतक जड़ने के बाद विराट कोहली (साभार IPL/BCCI)
50+ पारियों का अर्धशतक पूरा करने वाले पहले भारतीय
मुंबई के खिलाफ अर्धशतक पूरा करते ही विराट कोहली आईपीएल इतिहास में 50 रन से ज्यादा पारियों का अर्धशतक जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। विराट ने ये उपलब्धि 224वां मैच खेलते हुए हासिल की। उनके खाते में आईपीएल में 5 शतक और 45 अर्धशतक दर्ज हैं। विराट से पहले आईपीएल में 50 रन से ज्यादा की 50 या उससे ज्यादा पारियां खेलने का कारनामा ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर ने किया है। वॉर्नर के नाम आईपीएल में 50 से ज्यादा रन की 60 पारियां दर्ज हैं। उन्होंने आईपीएल में 4 शतक और 56 अर्धशतक दर्ज हैं। इस सूची में तीसरे पायदान पर पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन तीसरे पायदान पर हैं। उन्होंने 2 शतक और 47 अर्धशतक जड़े हैं।
बतौर ओपनर बने तीन हजारी, चिन्नास्वामी में पूरा किया छक्कों का शतक
विराट कोहली ने मुंबई के खिलाफ अपनी 82 रन की पारी के दौरान आईपीएल में बतौर ओपनर 3 हजार रन भी पूरे कर लिए। इसके साथ ही उन्होंने चिन्नास्वामी स्टेडियम में अपने 100 छक्के भी पूरे कर लिए। विराट ने आईपीएल में कुल 223 छक्के जड़े हैं जिसमें से 101 छक्के उनके बल्ले से चिन्नास्वामी स्टेडियम में निकले हैं।
पिछला सीजन रहा था औसत
विराट कोहली के लिए आईपीएल 2022 बेहद सामान्य रहा था। सीजन में खेले 16 मैच में उन्होंने 22.73 के औसत और 115.99 के स्ट्राइकरेट से कुल 341 रन बनाए थे। उनके बल्ले पिछले सीजन केवल 2 अर्धशतक निकले थे और 73 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा था। ऐसे में विराट कोहली ने नए सीजन की शुरुआत धमाकेदार की है। अगर वो इसी फॉर्म में बने रहे तो आईपीएल के कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।
