Royal challengers bangalore vs Mumbai indians : आईपीएल के 16वें सीजन का पांचवां मुकाबला भी काफी रोमांचक भरा रहा। बेंगलुरू ने अपने घरेलू मैदान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। बेंगलोर के कप्तान फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली ने तूफानी पारी खेलकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई और आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस के खिलाफ बड़ी जीत दिलाने में मदद की। बेंगलोर ने मुंबई को 8 विकेट से हराया। पहले खेलते हुए मुबई ने 7 विकेट पर 171 रन बनाए। जवाब में बेंगलोर ने दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
तिलक ने मुंबई की टीम को संभाला
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 50 रन के अंदर टीम के 4 खिलाड़ी आउट होकर पवेलियन लौट गए। कप्तान रोहित शर्मा एक रन, इशान किशन ने 10 रन, कैमरून ग्रीन ने 5 रन और सूर्यकुमार ने 15 रन बनाए। इसके बाद तिलक वर्मा ने शानदार पारी खेलकर टीम को संभाला। तिलक ने 46 गेंदों पर 9 चौके और 4 चौके की मदद से सबसे ज्यादा 84 रन की नाबाद पारी खेली।
कर्ण ने झटके सबसे ज्यादा विकेट
मुंबई के खिलाफ गेंदबाजी करने उतरी बेंगलोर के कर्ण शर्मा खतरनाक साबित हुए। कर्ण ने 4 ओवर में 32 रन देकर सबसे ज्यादा दो विकेट झटके। इसके अलावा मोहम्मद सिराज, रीस टॉपले, आकाश दीप, हर्षल पटेल और माइकल ब्रेसवेल ने एक-एक विकेट लिए। ग्लेन मैक्सवेल ने एक ओवर किया और 16 रन दिए, लेकिन सफलता नहीं मिली।
कोहली के विराट प्रदर्शन से मिली जीत
जवाब में खेलने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने 22 गेंद शेष रहते हुए दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। विराट कोहली और कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी टीम को जीत के करीब पहुंचाया। फाफ डु प्लेसिस ने 43 गेंदों पर 5 चौके और 6 छक्के की मदद से 73 रन बनाए। इसी तरह विराट कोहली ने 49 गेंदों पर 6 चौके और 5 छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 82 रन की नाबाद पारी खेली। दिनेश कार्तिक ने निराश किया। वे तीन गेंदों का सामना कर बिना खाता खोले वापस पवेलियन लौट गए। ग्लेन मैक्सवेल ने तीन गेंदों पर दो छक्के की मदद से 12 रन की अच्छी पारी खेली। मुंबई के अर्शद खान और कैमरून ग्रीन ने एक-एक विकेट लिए।
