क्रिकेट

CSK vs LSG, TATA IPL 2023: अपने किले में लखनऊ को पटखनी देने के इरादे से उतरेगी धोनी की सेना

  • Agency by: Agency
  • Updated Apr 3, 2023, 06:00 AM IST

CSK vs LSG Match Preview: आईपीएल 2023 के चौथे दिन चार साल बाद चेन्नई सुपर किंग्स अपने घरेलू मैदान पर पहली बार खेलने उतरेगी। ऐसे में उसका सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से होने जा रहा है। जानिए मैच से जुड़ी जरूरी बातें।

Image

चेन्नई सुपर किंग्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स मैच प्रीव्यू (साभार IPL/BCCI)

चेन्नई: आईपीएल 2023 में पहला मैच हारने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स अपने गढ़ चेपक स्टेडियम पर सोमवार को लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ उतरेगी तो उसका लक्ष्य इस सत्र में जीत का खाता खोलने का होगा। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चार बार की चैम्पियन टीम चार साल बाद अपने घरेलू मैदान पर लौटी है। दर्शकों में इसे लेकर काफी उत्साह है और पूरा स्टेडियम कल चेन्नई के पीले रंग में रंगा रहेगा।

रुतुराज की पारी नहीं करा पाई टाइटन्स के खिलाफ बेड़ा पार

रुतुराज गायकवाड़ की शानदार पारी के बावजूद चेन्नई को पहले मैच में गुजरात टाइटन्स ने हराया। चेन्नई के प्रशंसकों को बाकी बल्लेबाजों से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी जो पहले मैच में नाकाम रहे थे। आईपीएल नीलामी में 16 करोड़ 25 लाख रुपये में खरीदे गए इंग्लैंड के सुपरस्टार बेन स्टोक्स पहले घरेलू मैच में अपनी उपयोगिता साबित करने को बेताब होंगे। बीच के ओवरों में धीमी रनगति के अलावा गेंदबाजों का फॉर्म भी धोनी की चिंता का सबब है।

चेन्नई में स्पिनर्स को मिलेगी मदद

चेन्नई के लिये राहत की बात यह है कि मैच एमए चिदंबरम स्टेडियम पर हो रहा है जहां स्पिनरों की भूमिका अहम हो सकती है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दस दिन पहले यहां खेले गए तीसरे वनडे में ऐसा ही देखा गया था। रविंद्र जडेजा और मिचेल सेंटनेर पहले मैच में प्रभावी नहीं रहे लेकिन यहां लय में लौटने की कोशिश में होंगे। लखनऊ के खिलाफ चेन्नई एक अतिरिक्त स्पिनर को भी मैदान में उतार सकती है। श्रीलंका के महीश तीक्ष्णा पहले तीन मैचों के लिये उपलब्ध नहीं है तो देखना होगा कि किसे मौका दिया जाता है।

लखनऊ भी जताएगी फिरकी गेंदबाजों पर भरोसा

दूसरी ओर केएल राहुल की अगुवाई वाली लखनऊ सुपर जाइंट्स ने शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स पर भारी अंतर से जीत दर्ज की। काइल मायर्स ने तूफानी बल्लेबाजी की तो मार्क वुड ने पांच विकेट चटकाये। बल्लेबाजी में मायर्स के अलावा कप्तान राहुल, निकोलस पूरन और मार्कस स्टोइनिस पर भी नजरें होंगी। वहीं गेंदबाजी में वुड के साथ रवि बिश्नोई और के गौतम की भूमिका अहम रहेगी।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

चेन्नई सुपरकिंग्स:

महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), डेवोन कॉनवे, रुतुराज गायकवाड़, अंबाती रायुडु, मोईन अली, बेन स्टोक्स, रवींद्र जडेजा, अजिंक्य रहाणे, सिसंडा मगाला, रवींद्र जडेजा, शिवम दुबे, ड्वेन प्रिटोरियस, अहय मंडल, निशांत सिंधु, राजवर्धन हंगरगेकर, मिचेल सेंटनर, सुभ्रांशु सेनापति, सिमरजीत सिंह, मथिसा पथिराना, महीश तीक्ष्णा, भगत वर्मा, प्रशांत सोलंकी, शेख रशीद, तुषार देशपांडे।

लखनऊ सुपर जायंट्स:

लोकेश राहुल (कप्तान), काइल मेयर्स, दीपक हुड्डा, क्रुणाल पांड्या, अमित मिश्रा, निकोलस पूरन , नवीन उल हक, आयुष बदोनी, आवेश खान, करण शर्मा, युद्धवीर चरक, यश ठाकुर, रोमारियो शेफर्ड, मार्क वुड , स्वप्निल सिंह, मनन वोहरा, डेनियल सैम्स, प्रेरक मांकड़, कृष्णप्पा गौतम, जयदेव उनादकट, मार्कस स्टोइनिस, रवि बिश्नोई, मयंक यादव।

मैच भारतीय समयानुसार शाम 07:30 बजे शुरू होगा।

End of Article