क्रिकेट

IND vs ENG: जोफ्रा आर्चर की पहली गेंद पर सिक्स, 140 की स्ट्राइक रेट; डेब्यू मैच में ही वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास

भारतीय क्रिकेट इतिहास में 4 जून 2026 एक ऐतिहासिक दिन रहा। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20I मैच में अपनी अंतरराष्ट्रीय डेब्यू कैप हासिल की। वैभव ने 15 साल 99 दिन में डेब्यू कर सचिन तेंदुलकर रिकॉर्ड तोड़ा। वहीं, 10 गेंद पर 14 रन बनाकर वैभव सूर्यवंशी ने कई रिकॉर्ड बनाए।

Image

वैभव सूर्यवंशी ने डेब्यू मैच में रचा इतिहास। फोटो- AP

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Vaibhav Sooryavashi T20I Debut Record: इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू करने का मौका मिला। संजू सैमसन की जगह वैभव को प्लेइंग इलेवन में जगह मिली। वैभव ने डेब्यू मैच में छोटी ही पारी खेली। हालांकि, इस दौरान उन्होंने अपने टी20I डेब्यू में ही रिकॉर्ड की झड़ी लगा दी।

मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट ग्राउंड पर भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करने आए वैभव सूर्यंवंशी ने तीसरी गेंद पर सिंगल लेकर अपना खाता खोला। इसके बाद तीसरा ओवर करने आए जोफ्रा आर्चर के ओवर की पहली गेंद पर सिक्स लगाकर वैभव ने अपने मजबूत इरादों की एक झलक दिखाई।

140 की स्ट्राइक रेट से की बल्लेबाजी

हालांकि, डेब्यू मैच में वैभव ने मात्र 10 गेंद का सामना किया और 14 रन बनाए। अपनी इस छोटी पारी में दो छक्के उड़ाए। वैभव ने 140 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अपना नाम खास लिस्ट में शामिल करवा लिया। वह टी20I डेब्यू मैच में पहली 10 गेंद पर 140 या उससे ज्यादा की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करने वाले पांचवें भारतीय ओपनर बल्लेबाज बने।

टी20I डेब्यू पर भारतीय सलामी बल्लेबाज का सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट (न्यूनतम 10+ गेंदें)

187.50 - यूसुफ पठान बनाम पाकिस्तान, 2007

175.00 - ईशान किशन बनाम इंग्लैंड, 2021

156.41 - अजिंक्य रहाणे बनाम इंग्लैंड, 2011

140.00 - शुभमन गिल बनाम श्रीलंका, 2023

140.00 - वैभव सूर्यवंशी बनाम इंग्लैंड, 2026

स्टंप आउट होने वाले पहले भारतीय

अपने डेब्यू मैच में वैभव सूर्यवंशी विल जैक्स का शिकार बने। पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद पर विल जैक्स ने वैभव सूर्यवंशी को जोस बटलर के हाथों स्टंप आउट करवाया। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी टी20I डेब्यू मैच में स्टंप आउट होने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने।

तोड़ा सचिन का रिकॉर्ड

इससे पहले वैभव ने 15 साल 99 दिन में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू कर सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। सचिन तेंदुलकर ने 16 साल 205 दिन में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। वहीं, पीयूष चावला ने 17 साल 75 दिन में अपना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article