IND vs NZ: बुमराह की गेंदों पर 'डबल डक' का शिकार हुए थे कप्तान लैथम, अब दूसरे टेस्ट से पहले कुछ ऐसा कहा

New Zealand Captain Tom Latham On Facing Jasprit Bumrah: वेलिंगटन में खेले गए न्यूजीलैंड और भारत के बीच पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में जसप्रीत बुमराह ने न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम को जीरो पर आउट किया था। अब दूसरे टेस्ट से पहले जसप्रीत बुमराह को लेकर टॉम लैथम ने क्या कहा है, यहां जानिए।

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत बनाम न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज 2026
  • दूसरे टेस्ट मैच से पहले टॉम लैथम का बुमराह पर बयान
  • पहले टेस्ट की दोनों पारियों में बुमराह ने शून्य पर किया था आउट

India vs New Zealand 2nd Test: न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम जानते हैं कि जसप्रीत बुमराह का सामना करना कोई आसान काम नहीं है। पहले टेस्ट में वह इस भारतीय तेज गेंदबाज के सामने दोनों पारियों में शून्य पर आउट हो गए थे। हालांकि, हेगली ओवल में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में बुमराह का सामना करने के लिए वह अपनी बल्लेबाजी के तरीके में कोई बड़ा बदलाव नहीं करने जा रहे हैं। बुमराह का गेंदबाजी एक्शन काफी अनोखा है और वह बल्लेबाज के काफी करीब आकर गेंद छोड़ते हैं, जिससे उनका सामना करना मुश्किल हो जाता है, खासकर तब जब गेंद स्विंग हो रही हो।

Tom Latham On Facing Jasprit Bumrah In IND vs NZ 2nd Test After Being Dismissed On Double Duck

टॉम लैथम ने जसप्रीत बुमराह पर दिया बयान

दूसरे टेस्ट से एक दिन पहले लैथम ने कहा, "जसप्रीत बुमराह निश्चित रूप से चुनौतियां पेश करते हैं, चाहे नई गेंद हो या पुरानी गेंद। उनका एक्शन अनोखा है और वह ज्यादातर गेंदबाजों की तुलना में बल्लेबाज के थोड़ा और करीब आकर गेंद फेंकते हैं। लेकिन मेरे नजरिए से, सबसे बड़ी चुनौती यह है कि मैं गेंद के लिए खुद को कैसे तैयार करता हूं। कुछ खिलाड़ियों का तरीका अलग हो सकता है। हो सकता है कि कुछ खिलाड़ी मुझसे बिल्कुल अलग तरीके से खेलें।"

एक पेशेवर खिलाड़ी की तरह, लैथम भी अपने 'बबल' (अपने दायरे) में रहना चाहते हैं। उन्होंने आगे कहा, "मैं जितना हो सके अपने 'बबल' में रहने की कोशिश करता हूं, गेंद पर पूरी नजर रखता हूं और गेंद किस तरफ स्विंग हो रही है, उसके हिसाब से आखिरी पल में फैसला लेने की कोशिश करता हूं।"

बैटिंग में कोई बड़ा बदलाव करने की तैयारी नहीं

बुमराह के खिलाफ लगातार दो बार फेल होने के बावजूद, न्यूजीलैंड के कप्तान अपनी बल्लेबाजी में कोई बड़ा बदलाव करने के बारे में नहीं सोच रहे हैं।लैथम का मानना है कि खराब प्रदर्शन के बाद किसी तकनीकी समाधान को खोजने के बजाय, विचारों में स्पष्टता रखना और अपने पुराने तरीकों पर टिके रहना ज्यादा महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा, "कभी-कभी कुछ अलग करने की कोशिश करना ही ध्यान भटकाने वाला हो सकता है, खासकर तब जब वह तरीका काम न कर रहा हो। मुझे लगता है कि मैं आज जिस मुकाम पर हूं, वह इसलिए है क्योंकि मैं हमेशा स्पष्ट रहता हूं कि मुझे क्या करना है। तकनीकी नजरिए से भी, चीजों को बहुत सरल रखना जरूरी है। चुनौती यह हो सकती है कि आप अपनी सोच से बाहर निकलकर रन बनाने के लिए कोई 'जादुई हल' खोजने लगें। लेकिन हम जो खेल खेलते हैं, उसमें कोई जादुई हल नहीं होता।"

मैदान पर उतरने के बाद कोई गारंटी नहीं होती

न्यूज़ीलैंड की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कई सालों से ओपनिंग कर रहे इस बाएं हाथ के बल्लेबाज़ ने कहा कि वेलिंगटन में निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद उनकी तैयारियों में कोई बदलाव नहीं आया है। उन्होंने कहा, "जाहिर है, न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में ओपनिंग करना हमेशा ही काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। हम चाहे कितनी भी अच्छी तैयारी कर लें और सब कुछ सही तरीके से करें, लेकिन मैदान पर उतरने के बाद अच्छे नतीजों की गारंटी नहीं होती। मेरी तैयारी वैसी ही है जैसी पिछले हफ्ते थी। बस कोशिश यही रहती है कि आप उस पल में पूरी तरह मौजूद रहें। मैंने कई बार कहा है कि टीम के लिए अपनी भूमिका को बेहतरीन तरीके से निभाना और जितना हो सके योगदान देना ही मेरा लक्ष्य है।"

लैथम ने इस बात पर भी जोर दिया कि कप्तान के तौर पर उनकी जिम्मेदारियां सिर्फ अपनी बल्लेबाजी तक सीमित नहीं हैं। लैथम ने कहा, "चाहे बात बल्लेबाजी की हो या कप्तान की भूमिका की, मेरी जिम्मेदारियां मेरी बल्लेबाजी खत्म होने के बाद भी खत्म नहीं हो जातीं।"

काइल जेमीसन के वर्कलोड पर बयान

न्यूजीलैंड तेज गेंदबाज काइल जैमीसन के वर्कलोड मैनेजमेंट को लेकर अपने विकल्प खुले रखे हुए है। लैथम ने साफ किया कि इंग्लैंड सीरीज के दौरान चोट से वापसी करने के बाद, जैमीसन के लगातार टेस्ट मैच खेलने पर कोई पाबंदी नहीं है। उन्होंने कहा, "बात बस इतनी है कि हम उनका और बाकी सभी गेंदबाजों का वर्कलोड किस तरह बेहतर ढंग से मैनेज कर सकते हैं। हमें इस टेस्ट मैच पर तो ध्यान देना ही है, लेकिन आगे आने वाले मैच भी इतने ही महत्वपूर्ण हैं।"

अगले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले मैचों का जिक्र करते हुए लैथम ने कहा, "यह मैच खत्म होने के बाद हम देखेंगे कि खिलाड़ी कैसी स्थिति में हैं, और पर्थ पहुंचने पर हम इस बारे में आगे फैसला लेंगे।"

End Article
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। ...

End of Feed