दुबई: श्रीलंका के खिलाफ त्रिकोणीय श्रृंखला में रविवार को खेले गये महिला एकदिवसीय मैच में धीमी ओवर गति के लिए भारतीय टीम पर मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने जुर्माना लगाने की घोषणा की। भारत ने कोलंबो के आर प्रेमदास अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में वर्षा बाधित मैच में मेजबान श्रीलंका को नौ विकेट से हराया था।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम (साभार BCCI Women)
आईसीसी अंतरराष्ट्रीय मैच रेफरी पैनल की वैनेसा डिसिल्वा ने समय की छूट को ध्यान में रखते हुए भारत पर यह जुर्माना लगाया। आईसीसी ने जारी विज्ञप्ति में बताया,'खिलाड़ियों और टीम के सहयोगी कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 (न्यूनतम ओवर गति से संबंधित) के तहत खिलाड़ियों पर उनके द्वारा आवंटित समय में गेंदबाजी करने में विफल रहने पर प्रत्येक ओवर के लिए उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।'
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अपराध और प्रस्तावित जुर्माने को स्वीकार कर लिया, इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई आवश्यकता नहीं पड़ी। मैदानी अंपायर अन्ना हैरिस और निमाली परेरा, तीसरे अंपायर लिंडन हैनिबल और चौथे अंपायर डेदुनु डिसिल्वा ने आरोप तय किए।
