क्रिकेट

इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे पर हार के बाद भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ में होंगे बड़े बदलाव, एक की छुट्टी तय, दो का बढ़ेगा कार्यकाल

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम की टी20 सीरीज में हार के बाद बीसीसीआई टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ में बड़े बदलाव की तैयारी कर रहा है। फील्डिंग कोच की छुट्टी तकरीबन तय हो गई है। जानिए किनका-किनका बढ़ेगा कार्यकाल?

Image

भारतीय क्रिकेट टीम का सपोर्ट स्टाफ (फोटो क्रेडिट BCCI X)

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर के सहयोगी सदस्यों के दो साल का अनुबंध इंग्लैंड के मौजूदा सीमित ओवरों के दौरे के बाद समाप्त हो जाएंगे जिसमें क्षेत्ररक्षण कोच टी. दिलीप का कार्यकाल आगे बढ़ने की संभावना बेहद कम नजर आ रही है। तेज गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल और सहायक कोच रयान टेन डोएशे के दो साल के अनुबंध भी खत्म हो रहे हैं, हालांकि दोनों के करार में विस्तार का प्रावधान है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से इन दोनों को बरकरार रखने की इच्छा जताई जा रही है।

टी दिलीप की छुट्टी तय, नहीं बढ़ेगा कार्यकाल

टी. दिलीप राहुल द्रविड़ के कोचिंग सदस्य का हिस्सा बनकर भारतीय टीम से जुड़े थे। वह टीम के लोकप्रिय सदस्यों में शामिल रहे हैं। खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने वाले उनके भाषण और हर मैच के बाद शुरू की गई ’सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक पदक’ परंपरा के लिए उन्हें लंबे समय तक याद किया जाएगा। द्रविड़, विक्रम राठौड़ और पारस म्हाम्ब्रे के 2024 टी20 विश्व कप जीत के बाद अपने पद छोड़ने के बावजूद दिलीप टीम के साथ बने रहे। 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद उन्हें एक साल का विस्तार दिया गया था, लेकिन अब उन्हें एक और साल का कार्यकाल मिलने की संभावना काफी कम है।

पिछले कुछ महीनों में गिरा है टीम की फील्डिंग का स्तर

पिछले कुछ महीनों में भारतीय टीम की क्षेत्ररक्षण का स्तर गिरा है और बीसीसीआई इस विभाग में बदलाव करना चाहता है। मोर्ने मोर्कल के मार्गदर्शन में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण ने पिछले दो वर्षों में अच्छा प्रदर्शन किया है। साल के अंत में न्यूजीलैंड के खिलाफ महत्वपूर्ण दौरे और दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप को देखते हुए गंभीर अपने भरोसेमंद सहयोगी को टीम में बनाए रखना चाहेंगे। गंभीर के सहयोगी सदस्यों में सबसे दिलचस्प नाम नीदरलैंड के पूर्व कप्तान और कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व हरफनमौला डोएशे का है। मीडिया से उनकी बातचीत हमेशा ईमानदार आकलन, स्पष्ट जानकारी और क्रिकेट के बदलते रुझानों पर शानदार विश्लेषण के लिए चर्चा में रही है।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article