क्रिकेट

TNPL: खिलाड़ी को मैच के दौरान गर्लफ्रेंड को मैसेज करना पड़ा भारी, प्रतिबंध से बचा- हुआ मोटा जुर्माना

तमिलनाडु प्रीमियर लीग के दौरान एक खिलाड़ी को मैच के दौरान मोबाइल से अपनी गर्लफ्रेंड को मैसेज भेजना भारी पड़ा है। वो खिलाड़ी दो साल के प्रतिबंध से तो बच गया लेकिन उसके ऊपर मोटा जुर्माना लगा है।

Image

टीएनपीएल (फोटो क्रेडिट AI Generated)

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की भ्रष्टाचार निरोधक एवं सुरक्षा इकाई (एसीएसयू) ने हाल में तमिलनाडु प्रीमियर लीग (टीएनपीएल) के एक मैच के दौरान ’खिलाड़ी और मैच अधिकारियों के क्षेत्र’ (पीएमओए) प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने पर तमिलनाडु के एक युवा बल्लेबाज पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

गर्लफ्रेंड को खिलाड़ी ने किया था मैसेज, भ्रष्टाचार के आरोप से बचा

तमिलनाडु क्रिकेट संघ (टीएनसीए) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को पीटीआई से कहा,'जांच जारी होने के कारण टीएनसीए खिलाड़ी के नाम का खुलासा नहीं करेगा। मैं सिर्फ इसकी पुष्टि कर सकता हूं कि वह बाएं हाथ का बल्लेबाज है जिसने पिछले रणजी ट्रॉफी सत्र में तमिलनाडु के लिए दो अर्धशतक लगाए थे। मैच के दौरान वह अपनी महिला मित्र को संदेश भेजते हुए पाए गए। उस पर भ्रष्टाचार से जुड़ा कोई आरोप नहीं लगाया गया है, लेकिन मैच के दौरान पीएमओए में मोबाइल फोन का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसलिए इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन माना गया है।' शुरुआत में 26 वर्षीय इस खिलाड़ी पर दो साल का प्रतिबंध लगाने पर विचार किया गया था, लेकिन चूंकि मामला गंभीर प्रकृति का नहीं था इसलिए अंततः उसे एक लाख रुपये के जुर्माने के साथ छोड़ दिया गया।

राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर भिंडर ने किया था आईपीएल के दौरान प्रोटोकॉल का उल्लंघन

उल्लेखनीय है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पिछले सत्र के दौरान राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर और वैभव सूर्यवंशी के लिए फ्रेंचाइजी द्वारा नियुक्त अभिभावक रोमी भिंडर पर भी मैच के दौरान टीम डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने के कारण एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। मामले के सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद विवाद बढ़ा था। उसके बाद बीसीसीआई ने उनके खिलाफ कार्रवाई की थी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article