कोलकाता: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने शुक्रवार को पिछले छह महीनों में उन्हें और उनके परिवार को मिली जान से मारने की कथित धमकियों पर चुप्पी तोड़ी है। गांगुली ने इसके साथ ही कोलकाता पुलिस पर भरोसा जताया है कि पुलिस के आला-अधिकारी मामले में जरूर कार्रवाई करेंगे। कोलकाता में एक कार्यक्रम से इतर गांगुली ने कहा कि धमकी भरे मैसेज पुलिस के ध्यान में लाए गए हैं।
पुलिस के कार्रवाई करने का है भरोसा
बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष गांगुली ने पत्रकारों से कहा, 'हमने पुलिस को इसकी सूचना दी है। मुझे यकीन है कि पुलिस इसे सुलझा लेगी। नंबर यहीं (कोलकाता) का है। उम्मीद है कि पुलिस ज़रूरी कार्रवाई करेगी। मेरे पास सुरक्षा है।'हाल ही में गांगुली ने कोलकाता के ठाकुरपुकुर पुलिस स्टेशन में इस बारे में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, गांगुली और उनके परिवार को कथित तौर पर लगभग छह महीनों से धमकी भरे पत्र मिल रहे थे। इस सप्ताह की शुरुआत में यह मामला तब और गंभीर हो गया जब दो पत्रों में कथित तौर पर 'खत्म करने' और 'समाप्त करने' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया। परिवार ने शुरू में इन मैसेज को अति उत्साही प्रशंसकों के नोट के रूप देखा था, लेकिन बार-बार मिल रही धमकियों और आक्रामक होती भाषा ने उन्हें पुलिस से संपर्क करने के लिए मजबूर किया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: शुभमन गिल ने बताया, बतौर टेस्ट कप्तान कैसा रहा उनका एक साल का कार्यकाल
हाल ही में हुए हैं आईसीसी क्रिकेट हॉल ऑफ फेम में शामिल
भारत के सबसे मशहूर क्रिकेटरों और कप्तानों में से एक गांगुली को पिछले महीने खेल में उनके योगदान के लिए आईसीसी क्रिकेट हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया था। बाएं हाथ के इस पूर्व बल्लेबाज़ ने 113 टेस्ट और 311 वनडे मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया और सभी फ़ॉर्मेट में कुल 18,575 अंतरराष्ट्रीय रन बनाए। उन्होंने टेस्ट में 42.17 की औसत से 7,212 रन बनाए, जिसमें 16 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं, जबकि वनडे में उनका कुल स्कोर 41.02 की औसत से 11,363 रन रहा, जिसमें 22 शतक और 72 अर्धशतक शामिल हैं।
