Nepal Fans crazy support: टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सातवें मैच में नीदरलैंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल को 6 विकेट से मात दे दी। अमेरिका के टेक्सास के ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम में खेला गया ये मुकाबला नेपाल क्रिकेट टीम के लिए ऐतिहासिक था। ये उनका टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का पहला मैच था। ऐसे में इस पल को कैद करने के लिए नेपाल के फैंस भारी संख्या में स्टेडियम पहुंचे। जो लोग अमेरिका नहीं जा पाए उन्होंने काठमांडू में ही बैठकर लाखों की संख्या में टीम को सपोर्ट किया।
नेपाल फैंस (फोटो- AP/X)
मैच की बात करें तो मैक्स ओ'डॉड की अर्धशतकीय पारी की बदौलत नीदरलैंड्स ने टी20 वर्ल्ड कप में जीत के साथ आगाज किया। नीदरलैंड्स ने नेपाल की टीम को 6 विकेट से हराया। जीत के लिए नीदरलैंड्स के सामने 107 रन का लक्ष्य मिला, जिसको मैक्स ओ'डॉड ने अर्धशतकीय पारी खेलकर हासिल कर लिया। मैक्स ओ'डॉड ने 54 रन की नाबाद पारी खेली। इससे पहले नेपाल की टीम पूरा ओवर भी नहीं खेल पाई। टीम ने 19.2 ओवर में 106 रन पर ऑलआउट हो गई।
नेपाल के फैंस का गजब का क्रेज
नेपाल के फैंस हमेशा अपनी टीम को सपोर्ट करने के लिए लाखों की संख्या में मैच देखने के लिए आते हैं। ऐसे में टी20 वर्ल्ड कप में टीम के पहले मैच में भी ऐसा ही देखा गया। फैंस का काठमांडू से भी एक फोटो वायरल हुआ जिसमें लोग लाखों की संख्या में बड़ी सी स्क्रीन पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग देख रहे हैं। इसके अलावा, जब भी रोहित पौडेल की अगुवाई वाली टीम ने रन बनाए, स्टैंड में मौजूद भीड़ भड़क उठी और इसने इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना दिया।
नीदरलैंड का खिलाड़ी भी हैरान
मैच में तीन विकेट लेकर नेपाल की हालत खराब करने वाले वैन बीक भी हैरान रह गए। उन्होंने मैच के दौरान इंटरव्यू में कहा कि "सबसे पहले, मुझे कहना होगा कि नेपाल के प्रशंसक अद्भुत थे। मुझे यकीन नहीं है कि हम डलास में हैं या कहीं और। मेरे लिए यह अच्छी वापसी है और टूर्नामेंट शुरू होने पर खुशी है। शुरुआत में, बारिश के कारण स्विंग थी, लेकिन जैसे-जैसे पारी आगे बढ़ी, हमने बैक ऑफ लेंथ गेंदबाजी की और इसे सीधा रखा।'
