इसी साल मार्च में टीम इंडिया को तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब दिलाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव के अंतरराष्ट्रीय करियर का संभावित अंत बड़े ही अप्रत्याशित ढंग से हो गया है। उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया इसके साथ ही श्रेयस अय्यर को टी20 टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया। अय्यर भारतीय टी20 टीम के 15वें कप्तान बने हैं। साल 2023 में आखिरी बार भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेलने वाले अय्यर की टीम में वापसी कप्तान के रूप में हुई। वहीं तिलक वर्मा को टीम इंडिया का नया उपकप्तान नियुक्त किया गया है।
सूर्यकुमार यादव
श्रेयस के कप्तान बनने पर जताई खुशी
भारतीय टी20 टीम का नया कप्तान बनाए गए श्रेयस अय्यर को सूर्यकुमार यादव ने मिलकर बधाई दी। ऐसा मुंबई टी20 लीग के दौरान ट्रायम्फ नाइट्स नॉर्थ ईस्ट और सोबो मुंबई के बीच खेले गए मुकाबले के टॉस के दौरान हुआ। सूर्या ने अय्यर को मैच में टॉस से पहले गले मिलकर बधाई दी। सूर्या ने कहा, मैं श्रेयस अय्यर के भारतीय टी20 टीम का कप्तान बनने पर खुश हूं। हमने साथ में यहां पर मुंबई के लिए क्रिकेट खेला है और ये शानदार अहसास है कि पिछले तीन टी20 कप्तान मुंबई से ही आए हैं।'
आगरकर ने बताया सूर्या को हटाने के निर्णय को कठिन
सूर्यकुमार यादव को टीम इंडिया से बाहर किए जाने और कप्तानी से हटाए जाने के पर मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर ने कहा, सूर्यकुमार के मामले में यह निश्चित तौर पर एक कठिन निर्णय था, खासकर तब जब उन्होंने हाल ही में टी20 विश्व कप जीता था। टी20 विश्व कप के बाद हम इस बात का आकलन करते हैं कि आगे की दिशा क्या होनी चाहिए। अगला टी20 विश्व कप दो से ढाई साल में होना है। यह निर्णय कुछ हद तक उनकी फॉर्म को देखते हुए लिया गया, साथ ही भविष्य खासकर अगले विश्व कप तक के समय को ध्यान में रखते हुए हमें लगा कि यह सही है और हम मानते हैं कि श्रेयस एक बेहद योग्य कप्तान हैं।'
