क्रिकेट

शुभमन गिल को भारतीय चयनकर्ताओं ने दी थकान से बचने के लिए अहम सलाह

लगातार क्रिकेट खेल रहे टीम इंडिया के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को चयनसमिति ने थकान से बचने के लिए अहम सलाह दी है। जानिए उन्हें मिली है कौन सी सलाह?

Image

शुभमन गिल

Photo : AP

मुल्लांपुर: चयन समिति ने टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल से कहा है कि वह 2027 वनडे विश्व कप चक्र तक लाल गेंद और 50 ओवर के क्रिकेट को प्राथमिकता दें ताकि वे आगे के बड़े टूर्नामेंट के लिए तरोताजा रहें। शनिवार को ब्रिटेन दौरे और एशियाई खेलों के लिए टी20 टीम का ऐलान किया गया और भारतीय टेस्ट कप्तान गिल को इसमें शामिल नहीं किया गया क्योंकि उनके पास व्यस्त कैलेंडर में दो बड़े आईसीसी टूर्नामेंट हैं।

आईपीएल में गिल ने बनाए 700 से ज्यादा रन

गिल ने हाल में खत्म हुए आईपीएल में 163 से ज्यादा के स्ट्राइक-रेट से 732 रन (उनके सभी सत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन) बनाए। लेकिन संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी के टीम में होने के कारण किसी और अच्छे शीर्ष क्रम बल्लेबाज को शामिल करना मुश्किल है।

गिल को नहीं हो बर्न आउट की समस्या

बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा,'चयनकर्ताओं को चिंता है कि गिल को थकान (बर्न-आउट) की समस्या नहीं हो।' भारतीय क्रिकेट टीम का अगले 18 महीने का कार्यक्रम ऐसा है कि तीनों प्रारूप में खेलने पर तरोताजा रहना लगभग नामुमकिन है। उन्होंने कहा,'गिल को 2027 विश्व कप शुरू होने से पहले नौ डब्ल्यूटीसी टेस्ट में भारत की कप्तानी करनी है और लगभग 35 वनडे भी खेलने हैं। बात साफ है कि उन्हें इन दो आईसीसी टूर्नामेंट के लिए फिट रहना होगा। साथ ही वह आईपीएल भी खेलेंगे जहां वे गुजरात टाइटन्स की कप्तानी करते हैं।'

टी20 योजनाओं का नहीं है हिस्सा

हालांकि गिल अभी टी20 योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन उम्मीद है कि 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक या ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले वह फिर से दावेदारी में आ जाएंगे। उन्होंने कहा,'2028 में होने वाले दो बड़े टी20 टूर्नामेंट के लिए अभी काफी समय है। गिल के लिए फोकस निकट भविष्य पर है। दो साल बाद कोई नहीं जानता कि कौन सा खिलाड़ी किस तरह की फॉर्म और फिटनेस में होगा। इसलिए 2027 वनडे विश्व कप तक यही योजना है।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article