लंदन: बेन स्टोक्स की कप्तानी वाली इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जा रहे तीन मैच की सीरीज के पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन अपनी पकड़ मैच में और मजबूत कर ली है। बारिश से प्रभावित रहे दिन में खेल बेहद कम ओवरों का हो सका और उस दौरान न्यूजीलैंड की टीम जीत के लिए 254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 55 रन पर 5 विकेट गंवा चुकी है।
53 रन पर पवेलियन लौटी आधी कीवी टीम
शनिवार को कीवी टीम 36/3 के स्कोर से आगे खेलने उतरी। दिन का खेल बारिश की वजह से लंच के बाद शुरू हो सका। इस दौरान रचिन रवींद्र और डेवोन कॉन्वे ने टीम को 50 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन 53 के स्कोर पर ओली रॉबिन्सन ने रचिन रवींद्र को बोल्ड कर दिया। वो 8(21) रन बना सके। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए डेरिल मिचेल को भी रॉबिन्सन ने अपने अगले ओवर में एलबीडब्लू कर दिया। मिचेल अपना खाता भी नहीं खोल सके। 53 के स्कोर पर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी।
बारिश ने टाली इंग्लैंड की जीत
इसके बाद डेवोन कॉन्वे और टॉम ब्लंडेल ने मोर्टा संभाला और स्कोर को 55 रन तक ले गए। ऐसे में बारिश शुरू हो गई और मैच को रोक देना पड़ा। उस वक्त टॉम ब्लंडेल 2(7) और डेवोन कॉन्वे 19(55) रन बनाकर खेल रहे थे। इसके बाद बारिश लगातार होती रही और मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका। कीवी टीम मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ संघर्ष करती दिखी। बारिश की वजह से इंग्लैंड की जीत एक दिन के लिए टल गई।
डेवोन कॉन्वे और टॉम ब्लंडेल से है कीवी टीम को आस
गेंदबाजी के लिए मुफीद लॉर्ड्स की पिच पर जीत के कीवी टीम को चौथे दिन जीत के लिए 199 रन और बनाने हैं और उसके पास 5 विकेट शेष हैं। सलामी बल्लेबाज कॉन्वे के सिर पर कीवी टीम की लाज बचाने और जीत दिलाने की जिम्मेदारी है। उनका साथ टॉम ब्लंडेल दे रहे हैं। इसके अलावा ग्लेन फिलिप्स और पहले पारी में कीवी टीम के सबसे सफल बल्लेबाज काईल जैमीसन के बल्ले पर टीम थोड़ा भरोसा कर सकती है लेकिन पहली पारी में महज 113 रन पर ढेर हो चुकी मेहमान टीम के अंतिम 5 बल्लेबाजों से ज्यादा आस टॉप ऑर्डर के धराशाई होने की उम्मीद नहीं की जा सकती।
