स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। कप्तान सूर्यकुमार यादव नागपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने टी20 करियर का 100वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने उतरे। इस दौरान फैंस को कुछ समय के लिए पुराने सूर्या की झलक देखने को मिली। अपनी छोटी पारी के दौरान कप्तान ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह टी20 क्रिकेट में 9 हजार रन पूरे करने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए।
न्यूजीलैंड के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ने 22 गेंद पर 32 रन बनाकर आउट हुए। 25 रन बनाते ही सूर्यकुमार यादव ने मेंस टी20 क्रिकेट में 9,000 रन पूरे कर लिए। 35 वर्षीय सूर्यकुमार अब टी20 में 9,000 रन पूरे करने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। सूर्यकुमार, अब विराट कोहली और रोहित शर्मा के क्लब में शामिल हो गए हैं।

सूर्यकुमार यादव- फोटो- AP
फोटो- AP
विराट-रोहित के क्लब में शामिल
विराट कोहली (13,543), रोहित शर्मा (12,248) और शिखर धवन (9,797) इस लिस्ट में टॉप-3 में हैं। मिस्टर आईपीएल यानी सुरेश रैना (8,654) पांचवें स्थान पर हैं। सूर्यकुमार, जो सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में से एक हैं, के नाम 6 शतक और 59 अर्धशतक हैं। सूर्या ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम को भी पीछे छोड़ा। वह सबसे कम दिनों में 100 टी20I मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बने।
बाबर को छोड़ा पीछे
सूर्यकुमार यादव ने इंग्लैंड के खिलाफ 14 मार्च, 2021 को अंतरराष्ट्रीय टी20 डेब्यू किया था। उसके बाद से वो लगातार टीम में बने हुए हैं। टी20 विश्व कप के बाद टीम के कप्तान भी बने। सूर्या ने डेब्यू के बाद से 1774 दिन में ये मुकाम हासिल किया है। इस मामले में सूर्या ने बाबर आजम को पछाड़ा। बाबर ने 2410 दिन में ये उपलब्धि हासिल की थी।
टी20I में 2800 रन
इसके अलावा सूर्यकुमार यादव अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2800 से अधिक रन बनाने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी है। वे रोहित (4,231) और कोहली (4,188) के बाद तीसरे स्थान पर हैं। वे इस प्रारूप में 163.01 से अधिक के स्ट्राइक रेट से अब तक 2820 रन बना चुके हैं। 35.25 की औसत से बल्लेबाजी करने वाले सूर्या ने चार शतक और 21 अर्धशतक जड़े।
आईपीएल में 4 हजार से ज्यादा रन
सूर्यकुमार के टी20 रनों का एक बड़ा हिस्सा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में आया है । 166 मैचों में इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 35.04 के औसत से 4,311 रन बनाए हैं। उनके खाते में 2 शतक, 29 अर्धशतक हैं। आईपीएल में सूर्या का 148.65 का स्ट्राइक रेट है।
टी20 वर्ल्ड से पहले मिली अच्छी खबर
भारतीय फैंस को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले अच्छी खबर मिली। सूर्या को अच्छी बल्लेबाजी करते हुए देख फैंस खुश हो गए। सूर्या ने 22 गेंद का सामना किया। इस दौरान एक छक्का और चार चौके जड़े। सूर्या का फॉर्म भारतीय टीम के लिए बहुत जरूरी है। वह साल 2025 में लय तलाशते दिखे थे।
यह भी पढ़ें- सूर्यकुमार यादव ने तोड़ा बाबर आजम का वर्ल्ड रिकॉर्ड
