क्रिकेट

WI vs SL: वेस्टइंडीज की धरती पर श्रीलंका का यलगार, 23 साल बाद जीती वनडे सीरीज

वेस्टइंडीज की धरती पर श्रीलंका की यंग टीम ने इतिहास रच दिया है। श्रीलंका ने तीन वनडे मैच सीरीज 1-0 से अपने नाम की। दूसरे वनडे मैच की तरह वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच का तीसरा वनडे मैच भी बारिश की भेंट चढ़ गया। किंग्स्टन में बारिश के चलते आखिरी वनडे मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया। इस वजह से श्रीलंका ने सीरीज अपने नाम कर ली।

Image

23 साल बाद वेस्टइंडीज में श्रीलंका ने जीती वनडे सीरीज। फोटो- SL

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच दूसरे वनडे की तरह तीसरा वनडे मैच भी एक भी गेंद फेंके बिना बारिश की भेंट चढ़ गया। अंपायरों ने मैच रद्द करने का फैसला किया क्योंकि बारिश रुकने की स्थिति में भी आउटफील्ड को मुकाबले के लिए तैयार नहीं किया जा सकता था। श्रीलंका ने सीरीज का पहला मैच 41 रन से जीता था जो कैरेबियाई सरजमीं पर 13 साल में उसकी पहली जीत थी। आखिरी दो मैच बारिश की भेंट चढ़ने से श्रीलंका ने वनडे सीरीज 1-0 से अपने नाम की।

किंग्सटन में हुई बारिश ने तीसरे वनडे मैच में खलल डाला और वेस्टइंडीज के सीरीज बराबर करने के सपने को चकनाचूर कर दिया। वेस्टइंडीज का दिल टूटा लेकिन श्रीलंका ने इतिहास रच दिया। मेहमान श्रीलंका टीम ने 23 साल बाद वेस्टइंडीज की धरती पर पहली वनडे सीरीज जीती। आखिरी बार श्रीलंका ने 2003 में वनडे सीरीज जीती थी। कोच गैरी कर्स्टन की कोचिंग में श्रीलंका की यह पहली वनडे सीरीज है।

पहली सीरीज गंवाई

बारिश के चलते वेस्टइंडीज को सीरीज में वापसी करने का कोई मौका नहीं मिला। पहले वनडे मैच में मेजबान को 41 रन से मात मिली, जिसके बाद वह वापसी का सपना देख रहे थे, लेकिन बारिश ने पानी फेर दिया। वेस्टइंडीज के लिए सीरीज गंवाना बेहद निराशाजन रहा। टीम ने घर में तीन साल में पहली वनडे सीरीज गंवाई है।

वनडे के बाद टी20 सीरीज पर फोकस

वेस्टइंडीज वनडे सीरीज में मिली हार का बदला चुकाने के लिए बेताब है। इसके लिए उसे एक और मौका मिलेगा, जब दोनों टीमें टी20 सीरीज के लिए मैदान पर उतरेंगी। गुरुवार यानी 11 जून से वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच तीन टी20 मैच की सीरीज का आगाज होगा। गुरुवार को किंग्सटन में पहला मुकाबला खेला जाएगा।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article