क्रिकेट

IND U-19 vs SL U-19 3rd ODI Hihglights: श्रीलंका ने भारत को रोमांचक मुकाबले में पटखनी देकर 2-1 से जीती सीरीज, ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल

श्रीलंका अंडर-19 टीम ने गुरुवार को तीसरे और अंतिम युवा एकदिवसीय मैच में भारत अंडर-19 का आखिरी गेंद पर एक विकेट से हराकर श्रृंखला 2-1 से अपने नाम कर ली।

Image

भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट BCCI X)

हम्बनटोटा: वीके विनीत की शानदार 131 रनों की पारी के बावजूद श्रीलंका अंडर-19 टीम ने गुरुवार को तीसरे और अंतिम युवा एकदिवसीय मैच में भारत अंडर-19 का आखिरी गेंद पर एक विकेट से हराकर श्रृंखला 2-1 से अपने नाम कर ली। भारत ने पहला मैच चार विकेट से जीता था जबकि घरेलू टीम ने दूसरे मैच में आठ विकेट से जीत दर्ज की थी। दोनों टीमें अब 13 से 16 जुलाई तक गॉल में पहला युवा टेस्ट खेलेंगी।

भारत ने बनाए 8 विकेट पर 290 रन

बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर भारत ने आठ विकेट पर 290 रन बनाए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए विनीत ने 136 गेंद में 131 रन की शानदार पारी खेली जबकि लक्ष्य रायचंदानी ने 63 गेंद में 61 रन का योगदान दिया। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 19.3 ओवर में 108 रन जोड़े और टीम को 300 रन के स्कोर के करीब पहुंचाया। विनीत ने अपनी पारी के दौरान 13 चौके और तीन छक्के लगाए जबकि रायचंदानी ने सात चौके जड़े। श्रीलंका के लिए सेथमिका सेनेविरत्ने ने 10 ओवर में 41 रन देकर चार विकेट चटकाए जबकि गिम्हान मेंडिस ने दो विकेट लिए।

आखिरी गेंद पर जीता श्रीलंका

बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका का स्कोर 12वें ओवर में तीन विकेट पर 52 रन हो गया था लेकिन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए सेनूजा वेकुनागोडा ने एक छोर संभाले रखा और 59 गेंद में 10 चौके और एक छक्के से 67 रन की पारी खेली। शाविन विनोद (41 रन पर तीन विकेट) ने 27वें ओवर में वेकुनागोडा को आउट किया जिसके बाद चमिका हीनातिगाला (68 गेंद में नाबाद 84 रन) ने श्रीलंका को 291 रन के लक्ष्य तक पहुंचाया। श्रीलंका को आखिरी ओवर में जीत के लिए 11 रन की जरूरत थी और उनका सिर्फ एक विकेट बचा था। लेकिन हीनातिगाला ने मोहित उल्वा (2/66) की दूसरी गेंद पर चौका और फिर छक्का जड़ा। इसके बाद उन्होंने आखिरी गेंद पर एक रन लेकर श्रीलंका को रोमांचक जीत दिलाई। भारत के लिए ऑफ स्पिनर अनमोलजीत सिंह ने 42 रन देकर चार विकेट चटकाए।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article