क्रिकेट

प्रभसिमरन सिंह ने टीम इंडिया में एंट्री का इन दो पूर्व दिग्गजों को दिया श्रेय, एशियन गेम्स में कर सकते हैं डेब्यू

आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने एशियाई खेलों के लिए टीम इंडिया में शामिल होने का श्रेय दो पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों को दिया है। जानिए कौन हैं वो खिलाड़ी और प्रभसिमरन ने इस बारे में क्या कहा?

Image

प्रभसिमरन सिंह (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

नई दिल्ली: प्रभसिमरन सिंह उस समय जिम में थे जब उन्हें इस महीने के आखिर में होने वाले जिम्बॉब्वे दौरे के लिये भारतीय टी20 टीम में अपने चयन के बारे में पता चला। पटियाला के 25 वर्ष के प्रभसिमरन ने पीटीआई को बताया कि वह जिम सत्र अधूरा छोड़कर घर भागे ताकि अपने परिवार के साथ खुशी साझा कर सकें। पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाज ने पिछले दो आईपीएल सत्र में 500 से ज्यादा रन बनाये थे। वह एशियाई खेल 2023 में भारतीय टीम में थे लेकिन खेलने का मौका नहीं मिला। उन्हें जिम्बॉब्वे दौरे के लिये ईशान किशन के बाद दूसरे विकेटकीपर के तौर पर चुना गया जबकि संजू सैमसन टीम में जगह नहीं बना सके।

मौका मिला तो करूंगा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

प्रभसिमरन ने पीटीआई से कहा,'आप जब जीवन में लक्ष्य को हासिल करते हैं तो अच्छा लगता ही है। एशियाई खेलों का अनुभव अच्छा था लेकिन मुझे खेलने का मौका नहीं मिला था। मैं इसलिये यह नहीं बता सकता कि भारत के लिये पदार्पण करने पर कैसा लगता है। अब जिम्बॉब्वे दौरे से मैं खेले बिना लौटना नहीं चाहता। मैंने हमेशा से देश के लिये खेलने के बारे में सोचा है और मुझे टीम में बने रहना है। अगर मुझे मौका मिला तो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगा ताकि टीम से बाहर नहीं होना पड़े।'

युवराज सिंह से मिला ये गुरुमंत्र

पंजाब के अपने साथी खिलाड़ियों के साथ आयुवर्ग टूर्नामेंट खेल चुके प्रभसिमरन और अभिषेक शर्मा दोनों के मार्गदर्शक विश्व कप विजेता हरफनमौला युवराज सिंह रहे हैं। प्रभसिमरन ने कहा,'आईपीएल के बाद से युवी पाजी के साथ कोई सत्र नहीं हुआ लेकिन भारतीय टीम में चुने जाने के बाद मैने उन्हें फोन किया था। लंबी बात हुई। उन्होंने अपने अनुभव बताये। वह हमेशा कहते हैं कि गेंदबाज से एक कदम आगे निकलना है।'

युवराज सिंह और रिकी पॉन्टिंग को दिया सफलता का श्रेय

पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग के योगदान के बारे में उन्होंने कहा,'दोनों अलग अलग शख्सियत हैं लेकिन सोच एक सी है। रिकी सर ने मेरी सफलता में काफी योगदान दिया। उन्होंने 2024 में मुझे बताया था कि मुझे टीम में बरकरार रखा जायेगा। उन्होंने मुझसे कहा था कि वह मुझे बेहतर खिलाड़ी बनायेंगे और उन्होंने बनाया। मैं युवी पाजी और रिकी सर दोनों का शुक्रगुजार हूं।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article