कोलंबो: श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (एसएलसी) ने गुरुवार को घोषणा की कि मेजबान श्रीलंका के खिलाफ भारत की दो टेस्ट मैच की श्रृंखला 15 से 27 अगस्त के बीच गॉल और कोलंबो में खेली जाएगी। एसएलसी के बयान के अनुसार यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है। पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा जबकि दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के एसएससी में होगा। भारतीय टीम 9 साल लंबे अंतराल के बाद टेस्ट क्रिकेट खेलने के लिए श्रीलंका दौरा करेगी। पिछली बार भारतीय टीम साल 2017 में विराट कोहली की कप्तानी में श्रीलंका दौरे पर गई थी। उस सीरीज में टीम इंडिया ने 3-0 के अंतर से जीत हासिल की थी।
WTC अंक तालिका में पांचवें पायदान पर है भारत
भारत दो बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचा है लेकिन कभी खिताब नहीं जीत पाया। भारतीय टीम अभी तालिका में पांचवें स्थान पर है जबकि श्रीलंका छठे स्थान पर है। भारत इस साल नवंबर-दिसंबर में दो मैच की टेस्ट श्रृंखला के लिए न्यूजीलैंड का दौरा भी करेगा। भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू श्रृंखला जीतने से पहले इंग्लैंड में 2-2 से ड्रॉ खेलकर शुभमन गिल की कप्तानी के दौर की अच्छी शुरुआत की थी। इसके बाद भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 0-2 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। जिसका नुकसान उसे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में हुआ था। इंग्लैंड दौरे के करिश्मे को भारतीय टीम घर पर नहीं दोहरा सकी थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: IND A vs SL A 2nd Unofficial Test: गुरनूर बरार और मानव सुथार को मिलेगा दूसरे अनाधिकार टेस्ट में मौका, इंडिया-ए को मिलेगी मजबूती
भारत को घर पर मिली थी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार
दक्षिण अफ्रीका ने भारत को उसी की सरजमीं पर बुरी तरह हराया था जिससे बल्लेबाजों की स्पिन खेलने की क्षमता पर गंभीर सवाल उठे थे। श्रीलंकाई स्पिनर अपनी घरेलू पिच पर भारतीय बल्लेबाजों के लिए एक और कड़ी चुनौती पेश करेंगे। ऐसे में भारतीय टीम के लिए ये दौरा किसी भी सूरत में आसान नहीं होने जा रहा है।
(भाषा इनपुट के साथ)
