SRH vs RR आईपीएल मैच हाईलाइट्स: प्रफुल्ल हिंगे-शाकिब हुसैन ने डेब्यू मैच में ढाया कहर, 57 रनों से हारी राजस्थान रॉयल्स
सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स मैच हाईलाइट्स (IPL 2026 SRH vs RR Match Highlights in Hindi): आईपीएल 2026 के 21वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयलस की टीमें भिड़ीं। यह मैच हैदराबाद के राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में राजस्थान की टीम 57 रनों से हार गई।
सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स आईपीएल मैच हाईलाइट्स: टी20 क्रिकेट में दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे महंगी लीग आईपीएल के 19वें संस्करण में आज 21वां मुकाबला आज (13 अप्रैल 2026) शाम साढ़े सात बजे से खेला गया। इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स (Sunrisers Hyderabad vs Rajasthan Royals) से हुआ। मैच हैदराबाद (Hyderabad) के राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम पर खेला गया। इस मुकाबले का टॉस राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दूसरी तरफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 216 रन बनाए। हैदराबाद ने राजस्थान को जीत के लिए 217 रनों का लक्ष्य दिया था। हैदराबाद की तरफ से कप्तान ईशान किशन ने सर्वाधिक रन बनाए। उन्होंने 44 गेंदों में 8 चौके और 6 छक्के की मदद से 91 रन बनाए। वहीं हेनरिक क्लासेन ने 40, नीतीश कुमार रेड्डी 28 और सलिल अरोड़ा ने 24 रन बनाए। राजस्थान की तरफ से जोफ्रा आर्चर ने सर्वाधिक 2 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा संदीप शर्मा, तुषार देशपांडे और रियान पराग ने एक-एक विकेट लिए।
राजस्थान को मिली सीजन की पहली हार
जवाब में राजस्थान की पारी पहले तीन ओवर में ही लगभग तहस-नहस हो गई। राजस्थान ने मात्र 9 रन पर अपने 5 विकेट गंवा दिए। हालांकि, इसके बाद रवींद्र जडेजा और डोनोवन फरेरा ने टीम को शर्मनाक हार से बचाया और 6वें विकेट के लिए 118 रनों की पार्टनरशिप की। डोनोवन फरेरा ने 69 और रवींद्र जडेजा ने अपनी टीम के लिए 45 रन बनाए। हालांकि दोनों के आउट होने के बाद राजस्थान की बाकी टीम भी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई।
कहर बनकर टूटे प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन
हैदराबाद के लिए डेब्यू करने वाले दो बॉलर प्रफुल्ल हिंगे और शाकिब हुसैन राजस्थान के बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे। दोनों गेंदबाजों ने राजस्थान के 4-4 बल्लेबाजों को आउट किया। प्रफुल्ल ने अपने तीन विकेट तो पहले ओवर में ही ले लिया था। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को गोल्डन डक पर आउट किया। इन दोनों के अलावा ईशान मलिंगा ने दो विकेट चटकाए। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 57 रनों से हार के बाद आखिरकार राजस्थान रॉयल्स का विजयी रथ रुक गया है। इससे पहले राजस्थान की टीम अपने चारों मुकाबले जीतकर यहां पहुंची थी। हालांकि, हैदराबाद के दो डेब्यू करने वाले गेंदबाजों शाकिब हुसैन और प्रफुल्ल हिंगे ने चार-चार विकेट लेकर हैदराबाद की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस जीत के बाद हैदराबाद की टीम पॉइंट टेबल में चौथे नंबर पर पहुंच गई है।
सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की आईपीएल 2026 में टीमें (Sunrisers Hyderabad and Rajasthan Royals IPL 2026 Full Squads)
सनराइजर्स हैदराबाद की आईपीएल 2026 की टीम: (Sunrisers Hyderabad Full Squads)
ईशान किशन (कप्तान), ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, अनिकेत वर्मा, आर. स्मरण, हेनरिक क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कामिंदु मेंडिस, हर्षल पटेल, ब्रायडन कार्स, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा, जीशान अंसारी, लियाम लिविंगस्टोन, शिवम मावी, सलिल अरोड़ा, शिवांग कुमार, ओंकार टारमाले, क्रेन्स फुलेट्रा, प्रफुल्ल हिंगे, अमित कुमार, साकिब हुसैन, जैक एडवर्ड्स और पैट कमिंस।
राजस्थान रॉयल्स की आईपीएल 2026 की टीम: (Rajasthan Royals Full Squads)
रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, अमन पेराला, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, रविंद्र जडेजा, सैम कुरेन, एडम मिल्ने, बृजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और संदीप शर्मा।
