ENG vs SA Highlights: हैरी ब्रुक और लियाम लिविंगस्टोन की शानदार साझेदारी के बावजूद इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा। टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने डिफेंडिंग चैम्पियन इंग्लैंड को 7 रन से हराया। टीम की यह सुपर-8 में लगातार दूसरी जीत है। इसी जीत के साथ टीम सेमीफाइनल में लगभग पहुंच गई है। टीम 4 अंक के साथ अपने ग्रुप में टॉप पर है, जबकि इंग्लैंड की टीम 2 अंक के साथ दूसरे नंबर पर आ गई। सेंट लूसिया के डैरेन सैमी नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीत और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 156 रन बना सकी।
जीत का जश्न मनाते हुए दक्षिण अफ्रीका टीम के खिलाड़ी। (फोटो- T20 World Cup Twitter)
डी कॉक का फिर चला बल्ला, मिलर अर्धशतक से चूके
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान 163 रन बनाए। क्विंटन डी कॉक ने अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को अच्छी शुरुआत की। उन्होंने 38 गेंदों 4 चौके और 4 छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 65 रन बनाए। यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने यूएसए के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली थी। डेविड मिलर अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 28 गेंदों पर 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 43 रन बनाए। कप्तान एडेन मार्करम का बल्ला एक बार फिर शांत रहा। उन्होंने दो गेंदों का सामना किया और महज एक रन बनाकर आउट हो गए। हेनरिक क्लासेन 8 रन बनाकर रनआउट हो गए। इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए।
इंग्लैंड की खराब शुरुआत
जवाब में खेलने उतरी डिफेंडिंग चैम्पियन इंग्लैंड ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 156 रन बना सकी। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर टीम को पहला झटका फिल सॉल्ट के रूप में लगा। उन्होंने 8 गेंदों का सामना किया और एक चौके और एक छक्के की मदद से 11 रन बनाकर आउट हो गए। जोस बटलर कप्तानी पारी नहीं खेल पाए। उन्होंने 20 गेंदों पर एक चौके की मदद से 17 रन बनाकर आउट हो गए। हैरी ब्रुक ने अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 37 गेंदों पर 7 चौके की मदद सबसे ज्यादा 53 रन बनाए। वहीं, लियाम लिविंगस्टोन ने 33 रन बनाकर टीम को जीत के करीब ले गए। सैम कुरेन ने 10 रन और जोफ्रा आर्चर एक रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका के केशव महाराज और कागिसो रबाडा ने दो-दो विकेट चटकाए।
