मोहम्मद सिराज के समर्थन में आए सौरव गांगुली, कहा-जिसे मैं....उसे खिलाया जाना चाहिए

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने टेस्ट मैचों में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को खिलाए जाने का समर्थन किया है। जानिए उन्होंने इस बारे में क्या कहा?

ग्रेटर नोएडा: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने टेस्ट मैचों में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को खिलाए जाने का समर्थन किया है। न्यूजीलैंड दौरे पर अधिकांश समय बेंच पर गुजराने वाले सिराज के समर्थन में उन्होंने कहा कि उन्हें प्लेइंग 11 का हिस्सा होना चाहिए। खासकर ऐसे समय में जब क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारत मुश्किल स्थिति में है। आकाशदीप के कन्कशन का शिकार होकर दूसरे टेस्ट से बाहर होने के बाद प्रसिद्ध कृष्णा को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया। ऐसे में उनको एकादश में नहीं शामिल करने को लेकर नए सिरे से बहस शुरू हो गई है।

Sourav Ganguly and Mohammed Siraj

सौरव गांगुली और मोहम्मद सिराज (फोटो क्रेडिट ANI)

लगातार चर्चा का विषय बने हुए हैं सिराज

न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट से सिराज को बाहर रखने पर सवाल उठे थे और उन्हें टीम में शामिल करने की मांग भी की गई थी, लेकिन इसके बावजूद दूसरे टेस्ट की प्लेइंग 11 में उन्हें एक बार फिर जगह नहीं मिली। यह फैसला तब लिया गया है, जब सिराज मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने मौजूदा चक्र में खेले 11 टेस्ट में 43 विकेट अपने नाम किए हैं। सीरीज के पहले मैच में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण न्यूजीलैंड को ऑलआउट करने में नाकाम रहा था,जिससे मेहमान टीम मैच को ड्रॉ कराने में सफल रही। ऐसे में सिराज का लगातार बाहर रहना चर्चा का विषय बना हुआ है।

सिराज के फॉर्म को लेकर कप्तान को है चिंता

दूसरे टेस्ट में भी भारत दबाव में है। न्यूजीलैंड ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में 3 विकेट पर 133 रन बना लिए हैं। अब उनके पास कुल 243 रनों की बढ़त है और खेल के दो दिन अभी बाकी हैं। ऐसे में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा, भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल के पास सिराज को बाहर रखने के अपने कारण हो सकते हैं। शायद उन्हें सिराज की फॉर्म को लेकर चिंता रही हो, लेकिन उन्हें इस तेज गेंदबाज को टेस्ट मैचों में जरूर खेलना चाहिए।

कुछ सोचकर ही लिया होगा सिराज को बाहर रखने का फैसला

गांगुली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट मैच में मुश्किल में फंसी भारतीय टीम की स्थिति को भी स्वीकार किया। उन्होंने कहा, 'देखिए, सिराज को न खिलाने से पहले गंभीर और शुभमन गिल ने जरूर कुछ सोचा होगा; मुझे नहीं पता। मैंने सिराज को जैसा देखा है, उसे टेस्ट मैचों में खेलना चाहिए। आपने कहा कि वह फॉर्म में नहीं हैं। शुभमन ने भी कहा कि उनकी फॉर्म अच्छी नहीं है, शायद यही वजह हो, लेकिन वे उसे जरूर खिलाएंगे, वह पक्का खेलेंगे। भारत इस टेस्ट मैच में थोड़ी मुश्किल स्थिति में फंस गया है। आज तीसरा दिन है, न्यूजीलैंड के पास बड़ी बढ़त है, और इस टेस्ट मैच में अभी भी काफी समय बचा है। लेकिन जो हो गया, सो हो गया।'

न्यूजीलैंड ने हासिल कर ली है 243 रन की बढ़त

न्यूजीलैंड चौथे दिन 133/3 के स्कोर से अपनी पारी आगे बढ़ाएगा, जहां रचिन रवींद्र (46*) और डेरिल मिचेल (5*) क्रीज पर मौजूद हैं। पहला टेस्ट ड्रॉ रहने के बाद अब भारत के सामने जल्दी विकेट चटकाने और विपक्षी टीम को एक ऐसे लक्ष्य तक सीमित रखने की कठिन चुनौती है, जिसे हासिल किया जा सके। वहीं, मेजबान टीम चौथे दिन अपनी बढ़त को और बढ़ाने और मैच जीतने के लिए खुद को मजबूत स्थिति में पहुंचाने की कोशिश करेगी। कीवी टीम कुल 243 रन की बढ़त हासिल कर चुकी है।

End Article
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रका...

End of Feed