क्रिकेट

'वैभव सूर्यवंशी से ना करें चमत्कार की उम्मीद' सौरव गांगुली ने क्यों कह दिया ऐसा

Ganguli on Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट टीम में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे के लिए टी20 टीम में चुना गया है जिसके बाद वह जापान में होने वाले एशियाई खेलों में भी हिस्सा लेंगे।

Image

सौरव गांगुली और वैभव सूर्यवंशी (BCCI/PTI)

Ganguly on Sooryavanshi: पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने रविवार को कहा कि भारत के लिए पदार्पण की दहलीज पर खड़े किशोर बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अपने खेल में ढलने का समय दिया जाना चाहिए और उन पर अपेक्षाओं का बोझ नहीं डाला जाना चाहिए। पंद्रह वर्षीय सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट टीम में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे के लिए टी20 टीम में चुना गया है जिसके बाद वह जापान में होने वाले एशियाई खेलों में भी हिस्सा लेंगे।

सूर्यवंशी को लेकर गांगुली ने कही ऐसी बात

गांगुली ने यहां एक कार्यक्रम के इतर पीटीआई से कहा, ’’मेरा मानना है कि हमें उसे उसके हाल पर छोड़ देना चाहिए। वह अभी महज 15 साल का है और मुझे नहीं लगता कि वह दबाव की ज्यादा परवाह करेगा। आईपीएल में भी हमने यही देखा है।’’ पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष ने कहा कि ब्रिटेन की परिस्थितियां आईपीएल में माहौल से काफी अलग होंगी और सूर्यवंशी को अपने खेल को उसके अनुसार ढालने की चुनौती मिलेगी। गांगुली ने कहा, ’’निश्चित रूप से भारत के लिए खेलना अलग बात है और वह ऐसे दौरे पर जाएगा जहां विकेट थोड़े अलग होंगे।’’ उन्होंने कहा, ’’वहां गेंद अधिक सीम करेगी, उछाल ज्यादा होगा और नयी गेंद से अधिक मूवमेंट मिलेगा। इसलिए खेल थोड़ा अलग होगा, लेकिन मुझे लगता है कि उसमें अपार प्रतिभा है।’’

एबी डिविलियर्स ने भी दी प्रतिक्रिया

उन्होंने कहा, ’’इसलिए उसे समय दीजिए। उससे तुरंत दुनिया जीत लेने की उम्मीद मत कीजिए। उसे अपने खेल में जमने का मौका दीजिए क्योंकि भारत में कई अन्य खिलाड़ियों की तरह उसमें भी बहुत प्रतिभा है।’’ दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने कहा कि सूर्यवंशी के कम अनुभव को लेकर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है। उनके अनुसार सूर्यवंशी ने अपने शानदार प्रदर्शन से भारतीय टीम में जगह बनाने का पूरा हक हासिल किया है। डिविलियर्स ने कहा, ’’यह कहना आसान है कि वह अभी बहुत छोटा है, तैयार नहीं है या उसे और अनुभव की जरूरत है।’’ उन्होंने कहा, ’’लेकिन उसने अपने प्रदर्शन से साबित कर दिया है कि वह भारतीय टी20 टीम में जगह पाने का हकदार है। मैं उसके लिए बहुत खुश हूं।’’

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article