Smriti Mandhana won heart: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वुमेंस एशिया कप 2024 में अपने आखिरी ग्रूप स्टेज में नेपाल को मात देकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। मंगलवार खेले गए मैच को मंधाना ने महिला टीम की अगुआई की, जब हरमनप्रीत सिंह और ऑलराउंडर पूजा वस्त्रकार को आराम दिया गया। मैच में जब टॉस जीतकर भारतीय टीम बैटिंग करने उतरी तो हर कोई हैरान रह गया। दरअसल कप्तान स्मृति मंधाना ओपनिंग करने नहीं आई। इसके पीछे की वजह का उन्होंने मैच के बाद खुलासा किया।
स्मृति मंधाना (फोटो- PTI)
स्मृति के ओेपनिंग ना करने के फैसले का भी भारत को फायदा मिला क्योंकि शेफाली और हेमलता ने पहले विकेट के लिए 122 रन जोड़े और दांबुला में भारतीय टीम के लिए 82 रन की बड़ी जीत की नींव रखी। मंधाना, जो सभी प्रारूपों में शानदार फॉर्म में हैं उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि मध्यक्रम के बल्लेबाजों को क्रीज पर पर्याप्त समय मिले।
स्मृति ने इसीलिए नहीं की ओपनिंग
मैच के बाद स्मृति मंधाना ने कहा कि "एक सलामी बल्लेबाज के तौर पर आपको ऐसे बहुत कम मैच मिलते हैं, जिनमें आपको बल्लेबाजी नहीं करनी पड़ती। बाकी सभी बल्लेबाजों के लिए खेलने का समय बहुत जरूरी है। पिछले मैचों में मध्यक्रम ने बल्लेबाजी नहीं की है। परिस्थितियां अलग थीं और खेलने का समय मिलना हमेशा अच्छा होता है। दक्षिण अफ्रीका सीरीज में भी मध्यक्रम को खेलने का समय नहीं मिला, इसलिए अच्छा है कि वे बीच में कुछ समय बिता सकें।"
वुमेंस प्रीमियर लीग से ही शुरू हो गई थी विश्व कप की तैयारी
मंधाना ने बांग्लादेश में होने वाले टी20 विश्व कप 2024 में भारत के आगामी अभियान के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि इस मेगा इवेंट की तैयारी मार्च में आयोजित महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2024 के बाद शुरू हो गई है।स्मृति ने कहा कि "WPL के बाद से ही तैयारियां शुरू हो गई हैं, अभी बहुत कुछ करना बाकी है, और हमें लगातार सुधार करते रहना होगा, हम बिना तैयारी के विश्व कप में नहीं जा सकते।' भारत ने अभी तक ट्रॉफी नहीं जीती है, उसने 2020 में केवल एक बार फाइनल खेला है।
