वडोदरा: भारतीय महिला टीम की कप्तान स्मृति मंधाना ने शुक्रवार को पहले महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में जिम्बाब्वे पर नौ विकेट की जीत दर्ज करने के बाद श्री चरणी और क्रांति गौड़ की गेंदबाजी तथा प्रतिका रावल और शेफाली वर्मा की बल्लेबाजी की प्रशंसा की। श्री चरणी (23 रन देकर चार विकेट) के करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के बाद प्रतिका रावल (नाबाद 100) के तीसरे वनडे शतक और शेफाली वर्मा (नाबाद 64) के अर्धशतक से भारत ने जिम्बाब्वे पर 22.5 ओवर रहते नौ विकेट की आसान जीत से तीन मैच की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बना ली। क्रांति गौड़ ने भी तीन विकेट हासिल किए।
शेफाली वर्मा और प्रतिका रावल (फोटो क्रेडिट BCCI Women X)
बल्लेबाजी में प्रतिका और शेफाली ने दिखाई बेहतरीन लय
मंधाना ने मैच के बाद कहा,'गेंदबाजों ने अलग अलग मैदानों में खुद को अच्छी तरह ढाला। श्री चरणी ने बेहतरीन गेंदबाजी की। क्रांति ने भी प्रभावित किया। क्षेत्ररक्षण में हालांकि हमने कुछ कैच छोड़े। हालांकि बल्लेबाजी में प्रतिका और शेफाली ने बेहतरीन लय दिखाई। हम काफी समय बाद 50 ओवर का क्रिकेट खेल रहे हैं। पिछले सात महीनों में हमने टी20 क्रिकेट ही खेला है। खिलाड़ियों के साथ संवाद जरूरी होता है।'
परफेक्ट नहीं थी आज की पारी
’प्लेयर ऑफ द मैच’ बनी प्रतिका ने 96 गेंद की नाबाद पारी के दौरान 15 चौके लगाए। उन्होंने कहा,'टीम के लिए योगदान देना काफी विशेष रहता है। कोशिश यही थी कि जितना संभव हो, उतनी देर बल्लेबाजी करूं। आज का दिन शानदार रहा। आज की पारी परफेक्ट नहीं थी, पर बतौर बल्लेबाज आपको सीख लेनी होती है।'
कोच से मिली थी ताकत के अनुसार गेंदबाजी करने की सलाह
श्री चरणी ने मैच के बाद कहा,'भारतीय गेंदबाजी कोच अविष्कार साल्वी ने मुझे कहा कि गेंद पर अच्छी स्पिन देने पर ध्यान दो, अपने खेल और अपनी क्षमता के बारे में सोचो और अपनी ताकत के अनुसार गेंदबाजी करो। इससे निश्चित रूप से मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है, लेकिन आगे भी मुझे हर दिन अच्छा प्रदर्शन करने पर ध्यान देना होगा।'
अपनी उम्मीदों पर नहीं उतरे खरे
जिम्बाब्वे की कार्यवाहक कप्तान नोमवेलो सिबांडा ने कहा,'हम जिस तरह से खेलना चाहते थे वैसा नहीं खेल पाए। हमने 100 रन कम बनाए और गेंदबाजी के दौरान भी हमने कुछ मौके गंवाए। हमने सही लेंथ पर निरंतरता के साथ गेंदबाजी नहीं की। बस बिलव्ड बीजा का अर्धशतक इस मैच में हमारे लिए सकारात्मक रहा।'
(भाषा)
