SL (Sri Lanka) vs AFG (Afghanistan) 3rd T20 Pitch Report and Dambulla Weather Forecast Today Match: मेजबान श्रीलंकाई क्रिकेट टीम और मेहमान अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के बीच चल रही तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज का आज तीसरा व अंतिम टी20 मुकाबला खेला जाएगा।सीरीज के पहले दो टी20 मुकाबले मेजबान श्रीलंकाई टीम ने जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली थी, अब श्रीलंका तीसरे टी20 में जीत दर्ज करके आज सीरीज में क्लीन स्वीप के इरादे से मैदान पर उतरेगी। ये मैच दांबुला के रंगीरी अंतरराष्ट्रीय दांबुला स्टेडियम में खेला जाएगा।
इससे पहले टी20 सीरीज के पहले मैच में श्रीलंका ने अफगानिस्तान को 161 रनों का लक्ष्य दिया था और रोमांचक अंदाज में खत्म हुए उस मैच में श्रीलंका ने कुल 4 रनों से जीत दर्ज की थी। इसके बाद दूसरे टी20 मैच में श्रीलंका ने एक बार फिर पहले बल्लेबाजी करते हुए 188 रनों का टारगेट रखा और इस बार अफगानिस्तान की टीम 17 ओवर में 115 रन पर ही सिमट गई और श्रीलंकाई टीम ने 72 रनों से बड़ी जीत दर्ज करते हुए सीरीज में डबल बढ़त हासिल कर ली। आइए अब जानते हैं कि आज तीसरे टी20 मैच में कैसी होगी पिच रिपोर्ट और दांबुला के मौसम की स्थिति।
श्रीलंका-अफगानिस्तान तीसरे टी20 मैच की पिच रिपोर्ट कैसी होगी? (SL vs AFG 3rd T20 Pitch Report)
इस टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच तीसरा व अंतिम मुकाबला आज दांबुला के रंगीरी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैदान पर अब तक सिर्फ 5 टी20 मैचों का आयोजन हुआ है। इस सीरीज से पहले श्रीलंका ने भी अपने इस मैदान पर एक भी टी20 मैच नहीं खेला था। यहां खेले गए पहले तीन मुकाबले हांगकांग और नेपाल के बीच हुए थे और तीनों ही मैच रद्द हो गए थे। अब मौजूदा सीरीज में खेले गए दोनों टी20 मैचों में श्रीलंका ने अफगानिस्तान को हरा दिया है। यहां की पिच बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद साबित होती आई है और गेंदबाजों की बात करें तो स्पिनर्स और तेज गेंदबाजों को यहां बराबर फायदा मिला है।
आज कैसा होगा दांबुला का मौसम? (Dambulla Weather Today)
श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच आज तीसरा टी20 मैच दांबुला मे होगा, तो यहां के मौसम पर भी एक नजर डाल लेते हैं। दांबुला में आज मुकाबला भारतीय समय के मुताबिक शाम 7 बजे से खेला जाएगा। दिन भर आज दांबुला में अच्छी धूप खिली रहेगी और बारिश का कोई अनुमान नहीं है। मौसम गर्म रहेगा और उमस 50 प्रतिशत तक होगी। अगर तापमान की बात करें तो दांबुला में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं, जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेंटीग्रेड तक गिर सकता है।
