न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट के ड्रॉ के बाद शुभमन गिल ने सलाइवा को लेकर बड़ा बयान दिया है। मैच के बाद पहले उन्होंने वर्तमान में गेंद की क्वालिटी पर सवाल उठाए और साथ में यह मांग की कि सलाइवा पर फिर से विचार किया जाना चाहिए। साल 2020 में कोविड को ध्यान में रखते हुए आईसीसी ने कुछ वक्त के लिए सलाइवा पर प्रतिबंध लगा दिया था। लेकिन बाद में आए आंकड़ों के अनुसार ऐसा पाया गया कि इसके प्रतिबंध के बाद भी स्विंग में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया। ऐसा कहा गया कि गेंदबाज पसीने से माइनेज कर लेते हैं, लिहाजा अक्टूबर 2022 से आईसीसी ने इसे स्थाई तौर पर बैन कर दिया।
शुभमन गिल (साभार-X)
समझ से परे है सलाइवा बैन
वेलिंगटन टेस्ट के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा 'समझ से परे है कि क्यों अब तक गेंद को चमकाने के लिए सलाइवा के इस्तेमाल पर रोक है। कोविड को बीते अब काफी समय हो गए हैं। गिल ने सीरीज में इस्तेमाल की जा रही 'कूकाबुरा' गेंद की क्वालिटी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इन दिनों गेंद की कठोरता बहुत जल्द खत्म हो जा रही है। उन्होंने कहा कि इसका नुकसान यह हो रहा है कि तेज गेंदबाजों की गेंदबाजी पर किनारा लगने के बावजूद गेंद दूसरे स्लिप तक नहीं पहुंच पा रही है।
गेंदबाज पहले ही लगा चुके हैं गुहार
चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान जब भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था, उसके बाद मोहम्मद शमी ने आईसीसी से अपील की थी। उन्होंने वनडे क्रिकेट में सलाइवा की वापसी की मांग उठाई थी। शमी ने कहा था कि सलाइवा की वापसी से गेंदबाजों को फिर से रिवर्स स्विंग करने में मदद मिलेगी। गिल के इस मांग पर आलोचक उन्हें यह भी कह सकते हैं कि 'नाच ना जाने आंगन टेढ़ा' लेकिन अगर कोई गेंदबाज इसकी सिफारिश कर रहा है तो ऐसे में आईसीसी को इस पर विचार करना चाहिए।
