जुलाई महीने का आईसीसी अवॉर्ड जीतने के बाद बोले शुभमन गिल, इस पारी को बताया यादगार

जुलाई महीने का आईसीसी अवॉर्ड भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को मिला है। यह उनका चौथा अवॉर्ड है और उन्होंने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस सम्मान के बाद गिल ने बताया कि इंग्लैंड में खेली गई कौन सी पारी उनके लिए बेहद खास रही।

इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई पांच टेस्ट मैचों की शृंखला में 754 रन बनाने वाले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने मंगलवार को आईसीसी का महीने (जुलाई 2025) का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी चुने जाने के बाद कहा कि एजबेस्टन में टीम की जीत में योगदान देने वाला उनका दोहरा शतक उन्हें हमेशा याद रहेगा। गिल ने इस दौरे पर युवा खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम को कप्तान और बल्लेबाज के तौर पर काफ़ी प्रेरित किया। उन्होंने पांच मैचों की इस शृंखला में चार शतक लगाए जिससे विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों की गैरमौजूदगी में भी भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला को 2-2 से बराबर करने में सफल रही। गिल ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और दक्षिण अफ्रीका के हरफनमौला वियन मुल्डर को पछाड़कर यह पुरस्कार जीता। गिल ने उम्मीद जताई कि वह आने वाले सत्र में भी अपनी इस लय को जारी रखेंगे।

shubman gill, icc player of The month

शुभमन गिल, आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ (साभार-X GILL)

गिल ने आईसीसी से जारी विज्ञप्ति में कहा, ‘‘जुलाई महीने का ‘आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ’ चुने जाने पर बहुत अच्छा लग रहा है। इस बार इसका महत्त्व और भी ज्यादा है, क्योंकि यह कप्तान के रूप में मेरी पहली टेस्ट शृंखला में मेरे प्रदर्शन के लिए मिला है। बर्मिंघम (एजबेस्टन मैदान) में लगाया गया दोहरा शतक ऐसी उपलब्धि है जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा और यह इंग्लैंड के मेरे दौरे के खास पलों में से एक होगा।’’

End of Feed