IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में हार के बाद कप्तान शुभमन गिल ने जताई इस बात पर निराशा

भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में खेले गए सीरीज के दूसरे वनडे में हार के लिए खराब फील्डिंग को जिम्मेदार ठहराया है। जानिए गिल ने हार के बाद क्या कहा?

एडिलेड: भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने स्वीकार किया कि कैच छूटने और पर्याप्त स्कोर नहीं बना पाने की वजह से उनकी टीम को बृहस्पतिवार को यहां ऑस्ट्रेलिया से वनडे श्रृंखला गंवानी पड़ी। ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को अपने हरफनमौला प्रदर्शन से दूसरे वनडे में दो विकेट से जीत दर्ज कर श्रृंखला में अजेय बढ़त बना ली। पर्थ में पहले मैच में भारत को सात विकेट से हार मिली थी। भारतीय क्षेत्ररक्षकों ने कम से कम तीन मौके गंवा दिए जिनमें मैथ्यू शॉर्ट भी शामिल थे जिन्होंने 78 गेंद में 74 रन की शानदार पारी खेली।

Shubman Gill

शुभमन गिल

मौके गंवाने का उठाना पड़ा खामियाजा

गिल ने मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में कहा,'हमने ठीक ठाक रन बनाए थे। लेकिन जब आप इस तरह के स्कोर का बचाव करते हुए कुछ मौके गंवाते हैं तो यह कभी आसान नहीं होता।' युवा कप्तान को पिच में भी कोई कमी नहीं दिखी। उन्होंने कहा,'पहले मैच में टॉस ज्यादा अहम था क्योंकि बारिश आ गई थी। लेकिन इस मैच में दोनों टीमों ने लगभग 50 ओवर खेले। शुरुआत में विकेट से थोड़ी परेशानी हुई लेकिन 15-20 ओवर के बाद यह अच्छा था।'

End of Feed