Who Won Yesterday Cricket Match (23 October, 2025)(कल का मैच कौन जीता): भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने करो या मरो के मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम को 53 रन के अंतर से पटखनी देकर महिला वनडे विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है। भारतीय टीम ने मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 49 ओवर में 3 विकेट पर 340 रन का स्कोर खड़ा किया था। भारत के लिए प्रतिका रावल ने 122 और स्मृति मंधाना ने 109 रन की शतकीय पारी खेलकर जीत की नींव तैयार की। इसके बाद जैमिमा रोड्रिग्ज ने 55 गेंद में 76 रन की पारी खेलकर टीम को 300 रन के पार पहुंचा दिया। बारिश की वजह से मैच के ओवरों में कटौती की गई। पहले इसे 49 ओवर का और इसके बाद दोबारा 44 ओवर का कर दिया गया। जीत के लिए न्यूजीलैंड को 325 रन का लक्ष्य मिला था। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम खराब शुरुआत के बाद 44 ओवर में 8 विकेट पर 271 रन बना सकी। 53 रन के अंतर से जीत दर्ज करके भारतीय टीम विश्व कप के सेमीफाइनल में एंट्री करने वाली चौथी और आखिरी टीम बन गई है। भारत की सेमीफाइनल में किस टीम से भिड़ंत होगी यह ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले मैच के परिणाम से तय होगा।
न्यूजीलैंड ने जीता टॉस:
इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ मुकाबले में इंग्लैंड की कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
भारत की शानदार शुरुआत:
स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल की सलामी जोड़ी ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने संधे हुए अंदाज में शुरुआत की और पिच पर पैर जमाने के बाद रनों की झड़ी लगा दी। टीम इंडिया ने 10.4 ओवर में 50 और 17.4 ओवर में 100 रन के आंकड़े को पार किया। इसके बाद मंधाना ने अपना अर्धशतक 49 गेंद में 4 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। इसके बाद दूसरे छोर पर खड़ी प्रतिका रावल ने 75 गेंद पर 7 चौके की मदद से अपना पचासा पूरा किया। दोनों खिलाड़ी टीम को 25.2 ओवर में 150 रन के पार पहुंचाने में सफल रही।
मंधाना ने जड़ा 88 गेंद में शतक, पहले विकेट के लिए जोड़े 212 रन
मंधाना और प्रतिका ने तेजी से रन बनाने शुरू किए और मंधाना ने अपना शतक 88 गेंद में 10 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। इसके बाद मंधाना ने टीम को 32.3 ओवर में 200 रन के पार पहुंचा दिया। 196 गेंद में मंधाना और रावल के बीच 200 रन की साझेदारी पूरी हो गई। लेकिन शतक पूरा करने के बाद मंधाना सूजी बेट्स की गेंद पर गच्चा खाकर कैच दे बैठीं। 212 के स्कोर पर भारतीय टीम को पहला झटका लगा।
प्रतिका ने 122 गेंद में पूरा किया शतक
मंधाना के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने जेमिमा रोड्रिग्ज उतरीं। एक छोर संभालकर खड़ीं प्रतिका रावल ने अपना धैर्य नहीं खोया और उसी लय में रन बनाती रहीं। जेमिमा ने तेजी से रन बनाने शुरू किए। रावल ने इसी दौरान अपने वनडे करियर का दूसरा और विश्व कप में पहला शतक 122 गेंद में 13 चौके की मदद से पूरा कर लिया। दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर भारत को 250 रन के पार 39.3 ओवर में पहुंचा दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी 43 गेंद में पूरी कर ली।
जेमिमा ने खेली 76 रन की आतिशी पारी, भारत ने बनाए 340/3 रन
प्रतिका रावल 288 के स्कोर पर 122 रन बनाकर अमेलिया कर की गेंद पर कैच दे बैठीं। उन्होंने अपनी पारी में 13 चौके और 2 छक्के जड़े। भारतीय टीम ने 44.5 ओवर में 300 रन पूरे कर लिए। इसी दौरान जेमिमा ने अपना अर्धशतक 38 गेंद में 7 चौके की मदद से पूरा कर लिया। 48वें ओवर के अंत में बारिश शुरू हो गई और मैच को रोक दिया गया। तब 2 विकेट पर 329 रन टीम इंडिया ने बना लिए थे जेमिमा 69 और कप्तान हरमनप्रीत कौर 10 रन बनाकर खेल रही थी। बारिश के बाद एक ओवर की कटौती कर दी गई। एक और ओवर में भारतीय टीम हरमन का विकेट गंवाया 49 ओवर में 3 विकेट पर 340 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। जेमिमा 76 रन बनाकर नाबाद रहीं। ऋचा घोष ने 4 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए एक-एक विकेट रोजमेरी मेयर, अमेलिया कर और सूजी बेट्स ने लिए।
न्यूजीलैंड ने की खराब शुरुआत
जीत के लिए 44 ओवर में 325 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत खराब रही। न्यूजीलैंड को शुरुआत में ही सूजी बेट्स के रूप में बड़ा झटका लग गया। क्रांति गौड़ ने उन्हें प्रतिका रावल के हाथों कैच करा दिया। इसके बाद जॉर्जिया प्लीमर और अमेलिया कर ने पारी को आगे बढ़ाया और स्कोर को 51 रन तक ले गए लेकिन रेणुका सिंह ने शानदार गेंद पर प्लीमर को बोल्ड कर दिया। वो 30(25) रन बना सकीं। इसके बाद बल्लेबाजी करने आईं कप्तान सोफी डिवाइन भी ज्यादा देर पिच पर नहीं टिक सकीं। उन्हें भी रेणुका ने बोल्ड कर दिया। सोफी 6 रन बना सकीं।
154 रन पर आधी टीम लौटी पवेलियन
59 रन पर न्यूजीलैंड ने तीन विकेट गंवा दिए और बैकफुट पर नजर आने लगी। ऐसे में अमेलिया कर को ब्रुक हैलीडे का साथ मिला। दोनों ने टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। 115 के स्कोर पर केर को स्नेह राणा ने कैच करा दिया। वो 45 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। उनके आउट होने के बाद हैलीडे ने एक छोर संभाल लिया। दूसरे छोर से उन्हें मैडी ग्रीन का साथ मिला। दोनों टीम को 150 के पार ले गईं। लेकिन 154 रन पर ग्रीन को प्रतिका ने कैच करा दिया। 154 रन पर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी।
न्यूजीलैंड ने 53 रन के अंतर से गंवाया मैच
पांच विकेट गंवाने के बाद न्यूजीलैंड की पारी को हैलीडे और इसाबेल गेज ने आगे बढ़ाया। दोनों ने छठे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 42 गेंद में पूरी कर ली। इससे पहले हैलीडे ने अपना अर्धशतक 59 गेंद में 6 चौके की मदद से पूरा कर लिया। 35 ओवर में न्यूजीलैंड ने 200 रन के आंकड़े को भी पार कर लिया। लेकिन 226 के स्कोर पर हैलीडे की पारी का अंत श्रीचरिणी ने कर दिया। हैलीडे राणा के हाथों लपकी गईं। उन्होंने 81 रन बनाए। हैलीडे के आउट होने के बाद एक छोर गेज ने संभाले रखा लेकिन दूसरे छोर पर ज्यादा देर तक कोई टिक नहीं सका। अंत में न्यूजीलैंड की टीम 8 विकेट पर 271 रन बना सकी और 53 रन से मैच और सेमीफाइनल दोनों का टिकट गंवा दिया। गेज 65(51) रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत के लिए सबसे ज्यादा दो दो विकेट रेणुका सिंह और क्रांति गौड़ ने लिए। एक-एक सफलता स्नेह राणा, श्रीचरिणी, दीप्ति शर्मा और प्रतिका रावल के खाते में गया।
प्लेयर ऑफ द मैच:
स्मृति मंधाना को 95 गेंद में 109 रन की आतिशी पारी खेलने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
