क्रिकेट

BAN vs WI 3rd ODI Highlights: स्पिन के जाल में फंसा वेस्टइंडीज, बांग्लादेश ने 2-1 से जीती वनडे सीरीज

बांग्लादेश ने वेस्टइंडीज को तीन मैच की वनडे सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में 179 रन के बड़े अंतर से रौंदकर सीरीज 2-1 के अंतर से अपने नाम कर ली। जानिए कैसा रहा तीसरे और निर्णायक टी20 मुकाबले के पल पल का हाल?

Image

बांग्लादेश क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट Bangladesh Cricket X)

मीरपुर (बांग्लादेश): बांग्लादेश ने स्पिनरों की मदद से गुरुवार को तीसरे और अंतिम वनडे में वेस्टइंडीज को 179 रन से हराकर श्रृंखला 2-1 से अपने नाम कर ली। इस तरह बांग्लादेश ने मार्च 2024 के बाद पहली वनडे सीरीज जीती। यह कैरेबियाई टीम के खिलाफ उसकी दूसरी सबसे बड़ी और अब तक की सबसे बड़ी जीत है। लेग स्पिनर रिशाद हुसैन ने 54 रन देकर तीन विकेट चटकाए जिससे श्रृंखला में उन्होंने 12 विकेट झटके। यह किसी भी वनडे श्रृंखला में बांग्लादेश के किसी भी स्पिनर द्वारा लिए गए सबसे ज्यादा विकेट हैं। इससे वेस्टइंडीज की टीम 30.1 ओवर में 117 रन पर ढेर हो गई।

बाएं हाथ के स्पिनर नासुम अहमद ने भी 11 रन देकर तीन विकेट लिए और शीर्ष क्रम को झकझोर दिया जबकि ऑफ स्पिनर मेहदी हसन मिराज और बाएं हाथ के तनवीर इस्लाम ने दो-दो विकेट लिए। टीम के एकमात्र तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को गेंदबाजी भी नहीं करनी पड़ी।

इससे पहले कप्तान मेहदी हसन मिराज ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज सैफ हसन और सौम्य सरकार ने 176 रन की साझेदारी करके टीम को ठोस शुरुआत दिलाई। सरकार ने 86 गेंद में सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 91 रन की पारी खेली जबकि हसन 72 गेंद में छह चौके और इतने ही छक्के लगाकर 80 रन बनाकर आउट हुए। इससे बांग्लादेश ने आठ विकेट पर 296 रन बनाए।

अकील हुसैन ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 41 रन देकर चार विकेट लिए। उन्होंने दूसरे मैच में वेस्टइंडीज को सुपर ओवर में जीत दिलाकर श्रृंखला 1-1 से बराबर कराई थी। नजमुल हुसैन शांटो ने भी 55 रन का योगदान दिया। दोनों टीमें अब चटगांव में 27 अक्टूबर से टी20 श्रृंखला खेलेंगी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article