Shreyas Iyer Injury: टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज श्रेयस अय्यर रणजी ट्रॉफी 2024 के क्वार्टर फाइनल से अपना नाम वापस लेने को लेकर विवादों में फंस गए हैं। दरअसल श्रेयस अय्यर ने रणजी में मुंबई के लिए खेलने से इंकार कर दिया है। उन्होंने इसके पीछे पीठ में चोट का बहाना बताया है। हालांकि इसके इतर राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी ने उन्हें फिट घोषित कर दिया है।
श्रेयस अय्यर
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अय्यर ने शुक्रवार से शुरू होने वाले बड़ौदा के खिलाफ रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल मैच से बाहर होने का कारण पीठ दर्द बताया था।लेकिन एनसीए में खेल विज्ञान और चिकित्सा के प्रमुख नितिन पटेल ने कथित तौर पर अपने ईमेल में लिखा है, "इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के बाद भारतीय टीम की हैंडओवर रिपोर्ट के अनुसार श्रेयस अय्यर फिट थे और चयन के लिए उपलब्ध थे।"
बीसीसीआई ने दिए थे रणजी खेलने के आदेश
पिछले हफ्ते, बीसीसीआई सचिव जय शाह ने अनुबंधित और भारत ए क्रिकेटरों को चेतावनी दी थी कि घरेलू क्रिकेट में भाग न लेने पर गंभीर प्रभाव होंगे। विकेटकीपर-बल्लेबाज इशान किशन, राजस्थान के खिलाफ झारखंड के अंतिम रणजी ग्रुप मैच में नहीं खेले, जिससे अधिक असंतोष पैदा हुआ।
एनसीए ने अय्यर को दी थी रणजी खेलने की सलाह
अजीत अगरकर की अगुवाई वाली राष्ट्रीय चयन समिति ने पटेल एंड कंपनी से इनपुट लेने के बाद श्रेयस को रणजी खेलने के लिए कहा ताकि उनकी पीठ को बल्लेबाजी और लगभग चार दिनों तक मैदान पर रहने के तनाव की आदत हो जाए।अय्यर ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट में 35, 13, 27 और 39 रन बनाए और पीठ की चोट की खबर के कारण उन्हें अंतिम तीन से बाहर कर दिया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक दूसरे टेस्ट के दौरान उन्हें पीठ में ऐंठन की शिकायत हुई थी।
