Champions Trophy 2025: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के शुरू होने में 100 से भी कम दिन रह गए हैं, लेकिन बीसीसीआई और पीसीबी के बीच चल रहे विवाद को लेकर सबकुछ थम सा गया है। पीसीबी हाइब्रिड मॉडल के पक्ष में नहीं है तो बीसीसीआई टीम को पाकिस्तान भेजने से इनकार कर रही है। ऐसे में चैंपियंस ट्रॉफी के शेड्यूल में देरी हो रही है। नए डेवलपमेंट की बात करें तो बीसीसीआई एक नए विकल्प की तलाश कर रहा है जिसके तहत अगर पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी में खेलने से मना कर दे तो यह भारत की मेजवानी में हो सकता है।
भारत-पाकिस्तान (साभार-ICC)
दूसरी तरफ पाकिस्तान हर संभव जोर लगा रहा है कि उससे मेजवानी न छीनी जाए और बाकी टीम की तरह भारत भी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान का दौरा करे। आपको बता दें कि साल 2008 के बाद से भारत ने पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है। दोनों देशों के बीच चल रहे राजनीतिक रस्साकस्सी का खामियाजा खेल प्रेमियों को उठाना पड़ रहा है।
इस बीच पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने बीसीसीआई से खास अपील की। उन्होंने यह गुजारिश सोशल मीडिया साइट एक्स पर की है। उन्होंने एक्स पर लिखा 'आज क्रिकेट एक अहम पड़ाव पर है। यह साल 1970 के बाद शायद अपनी सबसे बड़ी चुनौतियों का सामना कर रहा है। अब समय आ गया है कि आपसी मतभेदों को भुलाकर खेल के माध्यम से हम एकजुट हों।
यदि इतिहास में विभाजित देश ओलंपिक भावना में एक साथ आ सकते हैं, तो हम क्रिकेट के लिए - और चैंपियंस ट्रॉफी के लिए ऐसा क्यों नहीं कर सकते?
इस खेल के प्रबंधक के तौर पर हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम इसके विकास के दायित्व को समझें। मुझे उम्मीद है कि मैं CT25 में पाकिस्तान में हर टीम को खेलते देखूंगा। हमारी गर्मजोशी और आतिथ्य का अनुभव लूंगा और मैदान से परे अविस्मरणीय यादें लेकर जाऊंगा।
