क्रिकेट

संजू सैमसन ने बताया राजस्थान का साथ छोड़कर क्यों थामा था चेन्नई सुपर किंग्स का दामन

टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने बताया है कि उन्होंने राजस्थान रॉयल्स का साथ छोड़ने के बाद क्यों थामा चेन्नई सुपर किंग्स का ही दामन?

Image

एमएस धोनी और संजू सैमसन (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

नई दिल्ली: भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने खुलासा किया कि राजस्थान रॉयल्स से एक दशक से अधिक समय तक जुड़े रहने के बाद इस आईपीएल फ्रेंचाइजी को छोड़ना उनके करियर के सबसे मुश्किल फैसलों में से एक था। हालांकि महेंद्र सिंह धोनी और रुतुराज गायकवाड़ के साथ उनके मजबूत रिश्ते ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) में उनका सफर आसान बना दिया।

कब लगा कि मुझे बढ़ जाना चाहिए आगे?

सैमसन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 से पहले 'ट्रेड' के जरिए सीएसके में शामिल हुए। पांच वर्षों तक राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करने वाले इस खिलाड़ी ने जियोस्टार के कार्यक्रम ’सुपरस्टार्स’ में कहा,'राजस्थान रॉयल्स से आगे बढ़ना मेरे लिए बहुत बड़ा फैसला था। जब आप किसी टीम के लिए लंबे समय तक खेलते हैं, तो आपको लगने लगता है कि यह आपकी टीम है और कोई आपको यहां से नहीं हटा सकता। लेकिन मुझे हमेशा यह अहसास था कि हर किसी का एक जगह पर समय सीमित होता है। आप अपना काम करते हैं और फिर आगे बढ़ जाते हैं। आईपीएल 2025 के बाद मुझे लगा कि अब मुझे आगे बढ़ जाना चाहिए। मैंने खुद से कहा कि लड़के तैयार हैं और राजस्थान रॉयल्स अब संजू सैमसन के बिना भी खेलने के लिए तैयार है। तभी मैंने टीम छोड़ने का फैसला किया।'

दूसरे ऑफर छोड़कर क्यों थामा सीएसके का दामन?

केरल के इस क्रिकेटर ने बताया कि राजस्थान रॉयल्स छोड़ने के बाद उनके सामने कुछ विकल्प थे, लेकिन उन्होंने सीएसके को चुना क्योंकि यह उनकी खेल शैली के लिए सबसे उपयुक्त फ्रेंचाइजी लगी। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित पीली जर्सी पहनना उनके लिए खास अनुभव था। सैमसन ने कहा,'उस समय मेरे पास दो-तीन विकल्प थे। लेकिन सच कहूं तो सीएसके, माही भाई का असर, खुद फ्रेंचाइजी और वहां मेरे दोस्त, विशेषकर रुतुराज इन सबकी वजह से मेरा उनसे अच्छा जुड़ाव था। दूसरे खिलाड़ियों से सीएसके के बारे में जो कुछ सुना था, उससे मुझे लगा कि यह फ्रेंचाइजी मेरे स्वभाव और खेल के मुताबिक है।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article