क्रिकेट

IND vs ENG: दूसरे वनडे से पहले आईसीसी ने की भारतीय तेज गेंदबाज के खिलाफ कड़ी कार्रवाई

इंग्लैंड के खिलाफ कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेले जाने वाले सीरीज के दूसरे वनडे मुकाबले से पहले आईसीसी ने टीम इंडिया के तेज गेंदबाज के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनके खाते में एक डिमैरिट अंक जोड़ा है।

Image

गुरनूर बराड़

Photo : AP

दुबई: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में खेले गए पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच दौरान 'अनुचित और खतरनाक' तरीके से गेंद फेंकने के लिए चेतावनी दी है और उनके खाते में एक ’डिमैरिट’ अंक जोड़ा गया है। बराड़ को आईसीसी की खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के सदस्यों के लिए आचार संहिता के अनुच्छेद 2.9 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया, जो लेवल एक का अपराध है।

बराड़ के खाते में जुड़ा एक डिमैरिट अंक

आईसीसी ने बयान में कहा,'इसके अलावा बराड़ के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक ’डिमैरिट’ अंक जोड़ा गया है। यह उनका पिछले 24 महीने की अवधि में पहला अपराध था।' यह घटना इंग्लैंड की पारी के आठवें ओवर में घटी, जब बराड़ ने फील्डिंग करते समय गेंद को 'अनुचित और खतरनाक तरीके से' बल्लेबाज की ओर फेंक दिया था।

बराड़ ने स्वीकार किया अपना अपराध, नहीं हुई आधिकारिक सुनवाई

भारत ने यह मैच छह विकेट से जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की। बराड़ ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उन्होंने मैच रेफरी रिची रिचर्डसन द्वारा दिए गए दंड को भी स्वीकार कर लिया, इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई जरूरत नहीं पड़ी। मैदानी अंपायर कुमार धर्मसेना और माइक बर्न्स, तीसरे अंपायर सैम नोगजस्की और चौथे अधिकारी रसेल वॉरेन ने बराड़ पर यह आरोप लगाया। लेवल एक के उल्लंघन में न्यूनतम सजा आधिकारिक फटकार जबकि अधिकतम सजा खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत और एक या दो ’डिमैरिट’ अंक शामिल हैं।

ऐसा रहा था बराड़ का पहले वनडे में प्रदर्शन

बराड़ ने बर्मिंघम में खेले गए पहले वनडे मैच में 9 ओवर में 61 रन देकर दो विकेट चटकाए थे। उन्होंने जैकब बैथेल और बेन डकेट को अपना शिकार बनाया था। इंग्लैंड की अच्छी शुरुआत के बाद बराड़ ने भारतीय टीम जल्दी जल्दी दो विकेट दिलाकर मैच में वापसी कराई थी। इंग्लैंड की टीम 47.5 ओवर में 258 रन बनाकर ढेर हो गई थी। इसके बाद जीत के लिए मिले 259 रन के लक्ष्य को टीम इंडिया ने 45.2 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया था।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article