IPL 2024, RR vs MI: इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन (Sanju Samson) ने शानदार कप्तानी करने के साथ-साथ बल्ले से भी एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। सोमवार को आईपीएल 2024 के मैच में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 9 विकेट से करारी शिकस्त देते हुए सीजन में अपनी 7वीं जीत हासिल की। इस मैच के दौरान संजू सैमसन ने अपनी टीम के लिए एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज किया।
संजू सैमसन (AP)
राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 180 रनों का लक्ष्य दिया था। जवाब में उतरी टेबल टॉपर राजस्थान की टीम ने अपने युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) के शतक के दम पर 18.4 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर ही जीत दर्ज कर ली। जायसवाल ने नाबाद 104 रनों की शानदार पारी खेली।
मैच में राजस्थान की पारी के दौरान ओपनर जोस बटलर (Jos Buttler) जब 35 रन बनाकर आउट हुए तब जायसवाल का साथ देने कप्तान संजू सैमसन पिच पर उतरे और उन्होंने 28 गेंदों में नाबाद 38 रनों की पारी खेली। वो अपनी टीम को जीत तक ले जाकर ही वापस लौटे। इस दौरान संजू सैमसन ने खास रिकॉर्ड भी बना दिया। वो राजस्थान रॉयल्स के लिए 3500 रनों का आंकड़ा छूने वाले आईपीएल इतिहास के पहले बल्लेबाज बन गए।
संजू सैमसन का आईपीएल करियर
राजस्थान रॉयल्स कप्तान संजू सैमसन ने अब तक अपने आईपीएल करियर में 160 मैच खेलते हुए 4202 रन बनाए हैं। इसमें 23 अर्धशतक और 3 शतक शामिल हैं। उन्होंने इससे पहले आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का भी प्रतिनिधित्व किया है, जिसके बाद वो राजस्थान रॉयल्स में आए और 2021 में कप्तान बना दिए गए। राजस्थान रॉयल्स में रहते हुए वो अब तक 3500 रन बना चुके हैं जो इस टीम की तरफ से अब तक किसी भी खिलाड़ी का सर्वाधिक रनों का आंकड़ा है।
