आईपीएल 2027 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के टीम ऑनर संजीव गोयनका ने युवा सेंसेशन वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। आईपीएल 2026 में वैभव ने जिस तरह की बल्लेबाजी की थी उसको देखते हुए उनका स्टारडम 2027 में बढ़ने वाला है। वैभव को अब क्राउड पुलिंग खिलाड़ी के तौर पर देखा जाने लगा है। अब संजीव गोयनका ने वैभव को अपनी टीम में शामिल ना कर पाने को लेकर बयान दिया है। शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में गोयनका ने कहा कि उन्हें इस बात का पछतावा है कि वह वैभव को अपने साथ नहीं जोड़ पाए। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि वह इकलौते नहीं बल्कि राजस्थान को छोड़कर बाकी सभी टीम उन्हें अपने साथ ना जोड़ पाने पर पछता रही है।
वैभव सूर्यवंशी (साभार-X)
क्या वैभव बदलेंगे आईपीएल टीम
वैभव सूर्यवंशी आने वाले समय में क्या आईपीएल टीम बदलेंगे, इसको लेकर भी संजीव गोयनका ने बड़ी भविष्यवाणी कर दी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान रॉयल्स के नए मालिक लक्ष्मी मित्तल हैं और वह उन्हें कभी भी अपनी टीम से जाने नहीं देंगे। अगर वैभव भविष्य में राजस्थान रॉयल्स का साथ छोड़ते हैं तो क्या लखनऊ उन्हें अपनी टीम में शामिल करने के लिए आगे आएंगे। इस सवाल के जवाब में गोयनका ने कहा कि वह अकेले नहीं हैं। जब भी वैभव आएंगे, उन्हें खरीदने के लिए सभी टीम दोनों हाथों से आगे आएगी।
2025 ऑक्शन में बिके थे वैभव
आईपीएल 2025 ऑक्शन में वैभव सूर्यवंशी को पहली बार राजस्थान रॉयल्स ने 1.10 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस सीजन सूर्यवंशी को ज्यादा मैच खेलने का मौका नहीं मिला। 7 मैच में वैभव ने 36.00 की औसत से 252 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने एक शतक एक अर्धशतक जड़ा था। लेकिन 2026 में वैभव का विस्फोटक अंदाज देखने को मिला जब 15 साल के वैभव ऑरेंज कैप विनर बने। उन्होंने 48.5 की औसत से 776 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 5 अर्धशतक जड़े। वह एक ही सीजन में ऑरेंज कैप और इमर्जिंग प्लेयर ऑफ अवॉर्ड जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने थे।
