Salman Ali Agha ODI Record: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज सलमान अली आगा ने शानदार वापसी करते हुए श्रीलंका के खिलाफ वनडे ट्राई-सीरीज के पहले मैच में यादगार शतकीय पारी खेली। रावलपिंडी में खेले गए इस वनडे मैच में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 37 रनों से हराकर वनडे ट्राई-सीरीज में जीत से आगाज किया। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे सलमान आगा ने अपनी शतकीय पारी के बदौलत कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं।
सलमान आगा ने बनाया नया वनडे रिकॉर्ड
90 गेंदों में खेली 107 रनों की पारी
मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान क्रिकेट टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही थी। शुरुआती झटकों के बाद पारी को संभालते हुए सलमान आगा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने मैदान के चारों ओर बेहतरीन शॉट लगाते हुए मात्र 90 गेंदों में 107 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी में 10 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। सलमान के इस बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान ने निर्धारित 49.5 ओवरों में 305 रनों का बड़ा स्कोर बनाया। टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम निर्धारित ओवरों में 268 रनों पर ही सिमट गई। पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी में कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने तीन विकेट झटके।
सलमान ने तोड़े रिकॉर्ड, मोहम्मद यूसुफ को भी पीछे छोड़ा
ये शतक सलमान अली आगा के वनडे अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा शतक था। खास बात यह है कि उनके ये चारों शतक बैटिंग ऑर्डर में नंबर.5 या उससे नीचे के पायदान पर बल्लेबाजी करते हुए आए हैं। इस शतकीय पारी के साथ ही सलमान आगा ने पाकिस्तान के लिए नंबर पांच या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने के मामले में पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने इस पोजीशन पर 3 शतक लगाए थे।
इसके अलावा, सिर्फ नंबर.5 के बल्लेबाजी क्रम पर तीन वनडे शतक लगाने वाले वो पाकिस्तान के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस बैटिंग पोजीशन पर सबसे ज्यादा शतकों का रिकॉर्ड भारत के युवराज सिंह के नाम दर्ज है, जिन्होंने इस स्थान पर 7 शतक लगाए थे।
