अफगानिस्तान के खिलाफ शतक से चूके साई सुदर्शन, बताया किसने बढ़ाया उनका आत्मविश्वास

अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में चूकने के बाद भारत के युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन ने बताया है कि किस बात ने बढ़ाया उनका आत्मविश्वास?

मुल्लांपुर: मुख्य कोच गौतम गंभीर के भरोसे ने युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन को मानसिक रूप से काफी मजबूती दी जिससे उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के पहले दिन खुलकर खेलने की आजादी मिली। अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट से पहले गंभीर ने कहा था कि तमिलनाडु के बाएं हाथ के बल्लेबाज को खुद को साबित करने के लिए पर्याप्त मौके दिए जाएंगे। उनका मानना है कि केवल छह मैचों के आधार पर किसी खिलाड़ी की प्रतिभा का आकलन नहीं किया जा सकता। सुदर्शन ने कोच के इस भरोसे पर खरा उतरते हुए 81 रन की आकर्षक पारी खेली। भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 368 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। कप्तान शुभमन गिल 103 जबकि ऋषभ पंत 50 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। केएल राहुल ने 100 रन बनाये।

Sai Sudharsan

साई सुदर्शन

दिन का खेल खत्म होने के बाद सुदर्शन ने कहा,'जब कोच, कप्तान और पूरी टीम आपका समर्थन करती है, तो इससे बहुत आत्मविश्वास मिलता है। यह जानकर अच्छा लगता है कि वे चाहते हैं कि आप देश और टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करें और मैच जिताएं। ऐसे माहौल में आप पूरी आजादी के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखा सकते हैं। तब यह चिंता नहीं रहती कि अगला मैच मिलेगा या नहीं। टीम से मिले इस भरोसे के कारण मन पूरी तरह खेल पर केंद्रित रहता है।'

End of Feed