क्रिकेट

IPL में रन को तरसते रहे ऋषभ पंत, टेस्ट में आते ही कर दी छक्कों की बौछार, देखें VIDEO

Rishabh Pant Six Video: अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मुकाबले में पहले दिन ऋषभ पंत ने IPL 2026 के खराब फॉर्म को पीछे छोड़ते हुए 50 रन की नाबाद पारी खेली। एक ही ओवर में 3 छक्के और कुल 18 रन जड़कर पंत ने IPL की सारी नाकामी धो दी।

Image

ऋषभ पंत (BCCI)

Rishabh Pant Six Video: भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर, न्यू चंडीगढ़ में खेला जा रहा है। पहले ही दिन टीम इंडिया ने अपना दबदबा बना लिया है। पहले दिन स्टंप्स तक भारत ने 3 विकेट खोकर 368 रन बना दिए। भारत की पारी में कप्तान शुभमन गिल नाबाद 103 रन और केएल राहुल 100 रन बनाकर चमके। जबकि साई सुदर्शन 81 रन की पारी खेलकर आउट हुए। हालांकि, दिन के असली हीरो ऋषभ पंत रहे जिन्होंने IPL 2026 के खराब फॉर्म को पीछे छोड़ते हुए तेजतर्रार 50 रनों की नाबाद पारी खेली। IPL 2026 में पूरे सीजन पंत का बल्ला खामोश रहा था और इसी वजह से उन्हें लखनऊ सुपर जॉयंट्स की कप्तानी छोड़नी पड़ी। यहां तक कि उन्हें टेस्ट टीम की उप-कप्तानी से भी हाथ धोना पड़ा। हालांकि, लाल गेंद आते ही पंत का पुराना अंदाज लौटता नजर आ रहा है।

एक ही ओवर में जड़ दिए तीन छक्के

केएल राहुल के आउट होने के बाद जब ऋषभ पंत बल्लेबाजी करने आए तो शुरुआत में उन पर दबाव साफ दिख रहा था। इस दौरान पहले 21 गेंदों पर उनके बल्ले से सिर्फ 7 रन निकले जो उनका नेचुरल गेम बिल्कुल नहीं है। हालांकि, पंत ज्यादा देर तक शांत नहीं बैठे और 68वें ओवर में उन्होंने अपना गियर बदला। इस ओवर में उन्होंने अफगानिस्तान के ऑफ स्पिनर अब्दुल मलिक की जमकर खबर ली। मलिक की पहली गेंद पर ही पंत क्रीज से निकलकर आए और सीधा छक्का जड़ दिया। दो गेंद संभलकर खेलने के बाद चौथी गेंद फुल टॉस मिली जिसे पंत ने लॉन्ग ऑन के ऊपर से स्टैंड में पहुंचा दिया। मलिक ने अगली गेंद शॉर्ट फेंकी तो पंत पहले से तैयार थे। उन्होंने बैकफुट पर जाकर डीप मिड विकेट के ऊपर से तीसरा छक्का उड़ा दिया। एक ही ओवर में 3 छक्के और कुल 18 रन जड़कर पंत ने IPL की सारी नाकामी धो दी। देखें वीडियो-

100 छक्कों का बना सकते हैं रिकॉर्ड

पहले दिन का खेल खत्म होने तक पंत 70 गेंदों पर 50 रन बनाकर नाबाद थे। उनकी इस पारी में 2 चौके और 3 छक्के शामिल थे। यह पंत का 50वां टेस्ट मैच है और अब वह टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बन गए हैं। अभी उनके नाम 97 छक्के हैं और 100 के आंकड़े तक पहुंचने के लिए सिर्फ 3 सिक्स और चाहिए। टेस्ट इतिहास में अब तक सिर्फ तीन बल्लेबाज ही 100 या उससे ज्यादा छक्के लगा पाए हैं। इंग्लैंड के बेन स्टोक्स 136 छक्कों के साथ टॉप पर हैं, न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैकुलम ने 107 और ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट ने 100 छक्के जड़े हैं। अब दूसरे दिन सबकी नजरें पंत के 100 छक्कों के रिकॉर्ड पर टिकी होंगी।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article