MSK Prasad on Surya Kumar Yadav: टीम इंडिया के टी20 स्क्वॉड से सूर्यकुमार यादव को बाहर किए जाने पर पूर्व चीफ सिलेक्टर एमएसके प्रसाद ने हैरानी जताई है। प्रसाद का मानना है कि सूर्या को टीम से निकाला नहीं गया है, बल्कि जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या की तरह आराम दिया गया है। शनिवार को सिलेक्टर्स ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ एशियन गेम्स के लिए टी20 टीम का ऐलान किया। इसमें सूर्यकुमार की जगह श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया गया है। कप्तानी और टीम से बाहर होने के बाद सूर्या का करियर अब मुश्किल मोड़ पर आ गया है। पीटीआई से बात करते हुए एमएसके प्रसाद ने कहा, "आप वर्ल्ड कप जीतने वाले कप्तान को अगले ही इंटरनेशनल मैच में ऐसे नहीं हटा सकते। बुमराह और हार्दिक को भी आराम दिया गया है। मुझे पूरा भरोसा है कि सूर्या को भी रेस्ट दिया गया है।"
सूर्यकुमार यादव के सपोर्ट में आए एमएसके प्रसाद
प्रसाद ने आगे कहा, "सूर्या बहुत बड़ा खिलाड़ी है। उसे टीम से बाहर नहीं किया जा सकता।" उन्होंने बताया कि IPL 2026 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। ऐसे में सूर्यकुमार, बुमराह और हार्दिक जैसे सीनियर खिलाड़ियों को आराम देना गलत फैसला नहीं है। बुमराह और पंड्या दोनों ही आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे पर नहीं जाएंगे। एमएसके प्रसाद ने कहा, "सिलेक्टर्स ने तीनों को ब्रेक दिया है। ये देखना अच्छा लगता है कि सूर्या, हार्दिक और बुमराह लंबे समय तक ICC रैंकिंग में नंबर-1 रहे हैं। बुमराह अभी भी नंबर-1 गेंदबाज हैं। इसलिए तीनों को आराम देने में कोई दिक्कत नहीं है। मुझे यकीन है कि ये सभी जल्द टीम में लौटेंगे।"
15 साल के वैभव पर खुशी जताई
15 साल के वैभव सूर्यवंशी को सीनियर टीम में चुने जाने पर प्रसाद ने खुशी जताई। वैभव भारत के लिए खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। प्रसाद ने कहा, "मैं वैभव के लिए बहुत खुश हूं। वो कमाल की प्रतिभा है। सिलेक्टर्स ने उसे पहचानकर मौका दिया। मुझे यकीन है कि वो खेलेगा और पूरी दुनिया उसे बड़े लेवल पर बल्लेबाजी करते देखना चाहती है।" इसके अलावा प्रसाद ने रजत पाटीदार को टीम में न चुनने पर भी सवाल उठाए। रजत ने RCB को लगातार दूसरा IPL खिताब जिताया था। प्रसाद बोले, "रजत को टीम में होना चाहिए था। उसने IPL में खुद को साबित किया है।"
