क्रिकेट

ग्लोस्टरशर काउंटी से जुड़ा भारत का बांए हाथ का स्पिन गेंदबाज, इतने मैच के लिए हुआ करार

भारत के बाएं हाथ के स्पिनर साई किशोर ने मौजूदा सत्र के बाकी मुकाबलों के लिए इंग्लिश काउंटी टीम ग्लोस्टरशर के साथ करार किया है। जानिए खेले कितने मैच?

Image

साई किशोर (फोटो क्रेडिट @surreycricket X)

नई दिल्ली: भारत के बाएं हाथ के स्पिनर साई किशोर ने मौजूदा सत्र के बाकी मुकाबलों के लिए इंग्लिश काउंटी टीम ग्लोस्टरशर के साथ करार किया है। काउंटी सत्र में छह मैच बाकी हैं। साई किशोर ग्लोस्टरशर के लिए वॉर्सेस्टरशर के खिलाफ चेल्टनहम में होने वाले चैंपियनशिप मैच के लिए चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे जो 20 अगस्त से शुरू होगा।

किशोर ने दिया काउंटी को धन्यवाद

यह मैच ब्रिस्टल में डर्बीशर और मिडिलसेक्स के खिलाफ होने वाले दो मुकाबलों से पहले होगा जबकि टीम डरहम, लंकाशर और केंट में भी खेलने जाएगी। किशोर ने ग्लोस्टरशर की वेबसाइट पर कहा,'मुझे यह मौका देने के लिए मैं जॉन (लुईस, क्रिकेट निदेशक) और ग्लोस्टरशर के सभी लोगों का बहुत आभारी हूं। ग्लोस्टरशर एक समृद्ध इतिहास और शानदार ढांचे वाला क्लब है और यहां क्रिकेट खेलने का मौका मिलना बहुत रोमांचक है।'

टीम पर सकारात्मक असर डालेंगे साई

साई किशोर के साथ करार करने पर जॉन लुईस ने कहा, हम साई किशोर को टीम में शामिल करने को लेकर बहुत उत्साहित हैं। वह एक मंझे हुए अनुभवी क्रिकेटर हैं जो हमारी टीम को बहुत मजबूती देंगे। क्लब काउंटी चैंपियनशिप के आखिरी छह मैचों में बेहतर क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, और यह देखना वाकई दिलचस्प होगा कि सीजन के इस पड़ाव पर एक विदेशी स्पिनर का क्या असर होता है। सीजन में इस वक्त हालात अक्सर स्पिन गेंदबाजी के लिए अनुकूल होते हैं, इसलिए हमें उम्मीद है कि साई टीम में अहम योगदान दे पाएंगे और टीम पर बहुत सकारात्मक असर डालेंगे।'

पिछले साल सरे के साथ लिया था भाग

साई रणजी ट्रॉफी में तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व करते हैं। पिछले नौ साल में खेले 54 प्रथम श्रेणी मैच में उन्होंने 223 विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 11 बार चार विकेट लिए और 14 बार पांच पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट अपने नाम किए हैं। साल 2025 में साईं ने सरे के साथ काउंटी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया और डरहम में मिली जीत के दौरान इस प्रतियोगिता में पारी में पांच विकेट हासिल किए थे। चैंपियनशिप में उनका पहला विकेट यादगार रहा था। उन्होंने इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो का शिकार किया था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article