उतार-चढ़ाव से भरी रांची टेस्ट में आखिर कार टीम इंडिया के युवा ब्रिगेड ने बेहतरीन खेल का परिचय देते हुए चौथे दिन न केवल 5 विकेट से जीत दर्ज कर मैच जीता बल्कि सीरीज में भी 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। भारत के सामने चौथी पारी में 192 रन का लक्ष्य था जो रांची जैसे विकेट पर काफी मुश्किल बात थी। लेकिन कम अनुभव की परवाह किए बिना ध्रुव जुरेल ने दोनों ही पारियों में गजब के टेंपरामेंट दिखाया और टीम इंडिया को जीत दिला दी। गिल ने नाबाद 52 रन की पारी खेली और उनका साथ देने वाले ध्रुव जुरेल ने नाबाद 39 रन की पारी खेली। भारतीय सरजमीं पर यह साल 2013 के बाद टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया की 17वीं जीत है।
सचिन तेंदुलकर और ध्रुव जुरेल (साभार-X)
सचिन ने की जमकर तारीफ
सचिन तेंदुलकर ने रांची टेस्ट जीत पर टीम इंडिया और युवा खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की। उनकी नजर में एक दो नहीं बल्कि 6-6 खिलाड़ी इस जीत के हीरो रहे। सचिन ने सोशल मीडिया पर लिखा जिसमें उन्होंने ध्रुव जुरेल, कुलदीप यादव, रविचंद्रन अश्विन, रोहित शर्मा, शुभमन गिल और रवींद्र जडेजा की तारीफ की।
सचिन ने लिखा 'भारत ने एक बार फिर दबाव की स्थिति से उबरकर मैच जीत लिया। यह हमारे खिलाड़ियों के कैरेक्टर और मेंटल स्ट्रैंथ को दर्शाता है। आकाशदीप के लिए टेस्ट क्रिकेट में पहला स्पैल शानदार रहा। ध्रुव जुरेल ने दोनों पारियों में अच्छी बल्लेबाजी की। वह लेंथ को समझने में बहुत अच्छे थे और उनका फुटवर्क भी सटीक था। पहली पारी में उन्होंने हमें मैच में बनाए रखा और दूसरी पारी में उनकी पारी ने हमें जीत दिलाने में मदद की। दूसरी पारी में कुलदीप का स्पैल भी बेहद अहम था। सीनियर खिलाड़ियों ने भी अपना काम बाखूबी किया।
शुभमन गिल ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अपने नेचुरल गेम पर अंकुश लगाते हुए शानदार जज्बा दिखाया और महत्वपूर्ण अर्धशतक बनाए। बहुत खुश हूं कि मैच के साथ-साथ सीरीज भी हमारी हुई।'
आखिरी मुकाबला धर्मशाला में होगा
सीरीज का 5वां और आखिरी मुकाबला धर्मशाला में खेला जाएगा। यह मुकाबला 7-11 मार्च के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले में विराट कोहली, केएल राहुल और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ियों की वापसी हो सकती है।
